इंदौर. रामनवमी पर सोमवार दोपहर ‘भए प्रगट कृपाला दीनदयाला कौसल्या हितकारी..’ और ‘श्रीरामचंद्र कृपालु भज मन..’ के साथ ही मंदिरों और घरों में शंख और घड़ियाल गूंजेंगे। अभिषेक, हवन और विभिन्न अनुष्ठानों के साथ ही रामचरित मानस पाठ होंगे। घरों में जहां पूजा की तैयारी चल रही है वहीं राम मंदिरों में विशेष श्रंगार किया जा रहा है। आकर्षक विद्युता सज्जा भी की गई है। तिथि की घटबढ़ के चलते कुछ मंदिरों में रविवार को ही रामनवमी मना ली गई।
शिवविलास पेलेस, गाड़ी अड्डा, गीताभवन, वैभवनगर, लोकमान्यनगर सहित कई मंदिरों में करीब एक हफ्ते पहले से राम जन्मोत्सव की तैयारियां चल रही थीं। शिवविलास पैलेस स्थित श्रीराम मंदिर में सोमवार दोपहर 12 बजे जन्म की आरती की जाएगी। पं. सुरेशकुमार दुबे ने बताया इस मौके पर नौ दिनों से चल रहे नवाह्न् परायण का भी समापन होगा। श्री सत्यसांई सेवा समिति द्वारा इंडोर स्टेडियम में संत ऋतुराज महाराज के सान्निध्य में सुबह 9.30 से दोपहर 12 बजे तक राम जन्मोत्सव आयोजित किया जाएगा।
आज सजेगा फूल बंगला
केसरबाग रोड स्थित कैलामाता मंदिर में भजन संध्या हुई। इसमें भजन गायक द्वारका मंत्री ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा, सभापति शंकर लालवानी अतिथि थे। कार्यक्रम संयोजक पिंकी नीमा ने बताया नवमी को मंदिर में फूल बंगला सजेगा।