News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर.
बोड़सरा में शनिवार रात हुए बवाल के बाद रविवार को सन्नाटा पसरा हुआ था। प्रदेश की पुलिस गुरु बालदास और अन्य फरार लोगों को सरगर्मी से ढूंढ़ रही है। लाठीचार्ज के पहले और बाद में पुलिस व प्रशासन के कई अधिकारी व कर्मचारियों पर हमला कर फरार हुए लोगों की तलाश में दिन भर पुलिस की टीम गांव का चप्पा-चप्पा छानती रही। एहतियातन पूरे गांव में धारा 144 लागू कर दी गई है।
घटना के बाद से फरार हुए एक समुदाय के गुरु बालदास और कुछ अन्य लोगों के नाम गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं। इसके लिए राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को मैसेज कर दिया गया है। एसपी प्रदीप गुप्ता सहित बाड़ा की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर प्राणघातक हमला करने के बाद जुलूस में शामिल लोग फरार हो गए थे। रात भर सर्चिंग कर पुलिस ने लगभग 65 लोगों को गिरफ्तार किया है।
शनिवार रात आंदोलनकारी बेरिकेड को तोड़ प्रतिबंधित क्षेत्र में दाखिल हो गए थे। उन्होंने दमकल वाहन पर तोड़फोड़ कर और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। इस पर पुलिस को मजबूरन लाठीचार्ज करना पड़ा था। दोनों पक्षों में हुई झड़प में दर्जनों पुलिसकर्मी और कुछ आंदोलनकारी घायल हो गए।
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए रविवार को पूरे दिन आईजी राजीव श्रीवास्तव, कलेक्टर सुबोध कुमार सिंह, एसपी प्रदीप गुप्ता, एडिशनल कलेक्टर पीएस एल्मा, एडिशनल एसपी बद्रीनारायण मीना सहित पुलिस व प्रशासन के अधिकारी गांव में ही डटे रहे।
आंसू गैस की वजह से बचे बालदास
जब आंदोलनकारी बेरिकेड तोड़़ने पर आमादा हो गए तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इस पर भी उनके शांत न होने पर लाठी चार्ज किया गया। उत्तेजक भाषण दे रहे गुरु बालदास को पकड़ने के लिए तारबाहर टीआई अलबर्ट कुजूर सहित पुलिसकर्मी आगे बढ़े। तभी आंसू गैस का एक गोला बेरिकेड के खंभे से टकराकर पुलिसकर्मियों के बीच में ही गिर गया। इससे उनकी आंखों में तेज जलन होने लगी और गुरु बालदास को फरार होने का मौका मिल गया।
घर छोड़कर भागे लोग
देर रात हुए बवाल के बाद गांव के अधिकतर लोग गिरफ्तारी की डर से घर छोड़कर भाग गए हैं। कई तो अपने घर में बगैर ताला लगाए भी भाग खड़े हुए हैं। कुछ घरों में केवल महिलाएं ही बची हैं। पूरा गांव सूना हो गया है।