HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

दाल-आटे की खातिर लोन फार्म भरवाएगा मोर्चा

बिलासपुर. महंगाई कितनी बढ़ गई? लोगों की हालत क्या है? यह तो जनता खुद ब खुद बताएगी? परंतु भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने दाल-आटा जैसी रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के लिए लोन फार्म भरवाने का फैसला किया है।

यह बात आपको मजाक लग सकती है, परंतु युवा मोर्चा ऐसा वाकई करने वाला है। बस भरा हुआ लोन फार्म बैंक की बजाए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पास भेजा जाएगा। युवा मोर्चा ने महंगाई के मुद्दे पर जनता की भावनाएं जगाने तथा कांग्रेस तथा उनकी गठबंधन यूपीए सरकार के खिलाफ उन्हें संघर्ष के लिए तैयार करने की गरज से अनूठे प्रदर्शन का खाका तैयार किया है। युवा मोर्चा को इस प्रकार के आंदोलन से बड़ी उम्मीदें हैं।

युवा मोर्चा की राष्ट्रीय इकाई ने देश भर की प्रदेश इकाईयों को महंगाई के खिलाफ पखवाड़े भर में जोरदार माहौल बनाने के लिए कहा है। इस दिशा में तीन कार्यक्रम भी सुझाए गए हैं, जिस पर इसी महीने अमल करना है।

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने ‘दैनिक भास्कर’ को दूरभाष पर बताया कि 21 से 24 अप्रैल के बीच किसी तिथि पर प्रदेश के 19 संगठन जिला मुख्यालयों में युवा मोर्चा मनमोहन बैंक का काउंटर लगाएगा। ‘मनमोहन की महंगी दुकान’ की तर्ज पर इस प्रदर्शन का भी उद्देश्य महंगाई के मुद्दे को लेकर कांग्रेसनीत यूपीए गठबंधन सरकार की नाकामियों के प्रति जनता को आगाह करना होगा। उन्होंने बताया कि महंगाई आज कुछ इस कदर बढ़ गई है कि आम आदमी को दाल-आटा, राशन के लिए लोन लेने की आवश्यकता पड़ रही है। युवा मोर्चा आम लोगों से मनमोहन बैंक के काउंटर में लोन फार्म भरवाएगा।

महंगाई की सीडी सोनिया को भेजी जाएगी

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्रीवास्तव ने बताया कि महंगाई पर पहला प्रदर्शन 16 से 20 अप्रैल के बीच प्रदेश भर के जिला मुख्यालयों में होगा। इसके जरिए युवा मोर्चा के कार्यकर्ता स्कूल, कालेज, बाजार, सरकारी दफ्तरों में वीडियो कैमरा लेकर जाएंगे तथा इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकार की तरह महंगाई के विषय में जनसामान्य के विचार रिकार्ड करेंगे।

महंगाई पर आम जनता के विचारों को अभिव्यक्त करने वाली यह सीडी सीधे कांग्रेसाध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि महंगाई पर इस महीने का अंतिम प्रदर्शन 26 से 30 अप्रैल के बीच जिला मुख्यालयों में होगा। इस प्रदर्शन के सिलसिले में कलेक्टर के जरिए प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर महंगाई पर केंद्र सरकार की नाकामियों तथा मूल्य नियंत्रण की मांग की जाएगी।

फैक्स आज मिला, तैयारियां शुरू

युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री किशोर राय ने बताया कि महंगाई के खिलाफ युवा मोर्चा की राष्ट्रीय इकाई से प्रेषित परिपत्र आज ही यहां पहुंचा। आंदोलन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। शीघ्र ही प्रदेश अध्यक्ष इस विषय में बैठक लेकर तिथियों की घोषणा करेंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: