News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. इससे रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड के अलावा सभी प्रमुख स्थानों तक आने-जाने की सुविधा नागरिकों को मिल जाएगी। दो नई मिनी बसें यहां पहुंच गई हैं। सिटी बसों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ से उत्साहित प्रशासन अगले सात दिनों के भीतर 6 मिनी बसें शहर की सड़कों पर लांच करने वाला है। इनमें से दो बसें यहां लाई जा चुकी हैं। करीब 13 लाख की लागत से खरीदी गई इन बसों को बॉडी बनाने के लिए इंदौर भेजा गया था।
अगले दो-तीन दिनों में दो और बसें पहुंचने की उम्मीद है। मिनी बसों से शहर की मुख्य सड़कों में आवागमन की सुविधा दिलाने के उद्देश्य से इन्हें शहर के भीतर ही चलाया जाएगा। एसडीएम संजय अग्रवाल के अनुसार इस बार खास बात यह होगी कि लोगों को गोल बाजार, सदर बाजार, तेलीपारा, मुंगेली नाका, दयालबंद या तारबाहर सहित प्रमुख स्थानों तक पहुंचने के लिए विशेष सुविधा मिल जाएगी। एक मिनी बस को नर्मदा नगर से सदर बाजार, गोल बाजार, दयालबंद, रेलवे स्टेशन होते हुए पुन: नर्मदा नगर तक चलाया जाएगा।
इसी तरह दूसरा रूट रेलवे स्टेशन से तारबाहर, अपोलो होते हुए रेलवे स्टेशन, तीसरा रूट नर्मदा नगर से रिंग रोड, बस स्टैंड, हाईकोर्ट रोड, जगमल ब्लाक, सदर बाजार, गोल बाजार होकर नर्मदा नगर तक होगा। इस तरह दो बसें गोल बाजार व सदर बाजार तक से होकर गुजरेंगी। अगले दो महीने के दौरान एक बस सीपत तक चलाए जाने की योजना बीसीबीएल द्वारा बनाई गई है।
जीपीएस सिस्टम इसी हफ्ते से
सिटी बसों में ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम (जीपीएस) इसी हफ्ते से शुरू हो जाएगा। सेडमेप के क्षेत्रीय समन्वयक एसके आचार्या ने बताया कि इससे सभी बसों का लोकेशन बिलासपुर सिटी बस लिमिटेड के कंट्रोल रूम से जाना जा सकेगा, साथ ही बसों के यात्रियों को भी यह जानकारी मिल सकेगी कि बस कहां पर है और अगला स्टापेज कौन सा होगा। आने वाले समय में बस स्टाप तैयार हो जाने के बाद सभी जगहों पर डिस्प्ले बोर्ड भी लगाया जाएगा।
बढ़ गया कलेक्शन
मोपका रूट की सिटी बस में महिला कंडक्टर की ड्यूटी लगाने के बाद इस बस का कलेक्शन बढ़ गया है। बीसीबीएल के अफसरों ने बताया कि खास तौर पर इस बस में महिला यात्रियों की संख्या में भी खासी वृद्धि हुई है। यदि दूसरे रूट के बस संचालक चाहें तो वे भी अपनी बस में महिला कंडक्टर रख सकते हैं।
अधिक किराया लेने की शिकायत
कुछेक रूट की बसों में कंडक्टर द्वारा यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक रुपए लेने की शिकायत सामने आई है। इसके बाद बीसीबीएल ने एक फोन नंबर जारी किया है, जिसमें इस तरह की कोई भी शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। 642624 पर कॉल करने पर कंट्रोल रूम के अधिकारी शिकायत दर्ज कर इसकी जांच कराएंगे।