HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

राजस्थान विवि का प्रोफेसर गिरफ्तार

जयपुर/झुंझुनूंभ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार को झुंझुनूं के एक कॉलेज के प्रिंसिपल से 35 हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में एक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया। राजस्थान विश्वविद्यालय के ये प्रोफेसर कुछ दिनों पहले परीक्षा के दौरान विजिलेंस टीम के साथ झुंझुनूं गए थे और नकल के मामलों को रफा-दफा करने के लिए ही उन्होंने कॉलेज संचालक से रुपए मांगे थे। एसीबी के महानिदेशक के.एस. बैंस ने बताया कि गिरफ्तार प्रोफेसर आर.एम. खंडेलवाल गोपालपुरा बाईपास के नजदीक शांति नगर में रहते हैं। खंडेलवाल को विश्वविद्यालय की विजिलेंस टीम में शामिल किया गया था।

यह टीम 10 अप्रैल को परीक्षा की जांच के लिए झुंझुनूं के इंटरनेशनल कॉलेज गई थी। वहां टीम ने कई विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा।

जयपुर से खंडेलवाल ने कॉलेज के प्रिंसिपल रवीन्द्र सिंह शेखावत को फोन कर मामले को रफा-दफा करने के लिए 50 हजार रुपए मांगे। नहीं तो कॉलेज से परीक्षा सेंटर हटाने व कॉलेज के बारे में जांचशीट में प्रतिकूल टिप्पणियां लिखने की बात कही। सौदा 35 हजार रुपए में तय होने के बाद कॉलेज संचालक ने एसीबी को इसकी शिकायत की। जांच में मामला सही पाए जाने पर झुंझूनूं चौकी पर तैनात उपअधीक्षक मोहम्मद अयूब के नेतृत्व में टीम रविवार दोपहर को जयपुर आई।

कॉलेज प्रिंसिपल प्रोफेसर के घर पहुंचे और रुपए सोफे पर रखकर उनके ऊपर मोबाइल रख दिया। इसी के बाद एसीबी टीम ने प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया। प्रोफेसर के राजस्थान बैंक में एक लॉकर होने की जानकारी मिली है, जिसे सोमवार को खोला जाएगा। घर की तलाशी में ज्यादा संपत्ति नहीं मिली।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: