जयपुर / पाली प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) द्वारा अपने कर्ताधर्ताओं की धरपकड़ के बाद ‘विमी’ नामक नया संगठन खड़ा करने की सूचनाओं से गुप्तचर एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। इस बारे में राजस्थान समेत मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश व महाराष्ट्र की सरकारों को सचेत कर दिया गया है।
राज्य के सभी जिलों के पुलिस प्रमुखों को ऐसे अराजक तत्वों की तलाश करने को कहा गया है। नए संगठन का पूरा नाम वोलेन्टियर्स ऑफ इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया है।
राज्य सीआईडी (विशेष शाखा) के पुलिस अधीक्षक की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि सिमी के कार्यकर्ताओं द्वारा धार्मिक शिक्षा के नाम पर नए संगठन ‘विमी’ का गठन कर एक समुदाय विशेष के युवकों को इसका सदस्य बनाया जा रहा है।
अलीगढ़ से संचालित इस संगठन द्वारा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र व दिल्ली के अलावा राजस्थान को निशाना बनाया जा सकता है। विशेषकर सीमावर्ती इलाकों में गुपचुप दौरे कर नए सदस्य बनाए जा रहे हैं। पत्र में कहा गया है कि सिमी के सदस्यों के साथ किन-किन लोगों के संबंध हैं, इस पर गोपनीय नजर रखी जाए।इनका कहना है
‘गुप्तचर एजेंसियों की सूचना पर कुछ दिन पहले सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों तथा अन्य पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर विमी के बारे में जानकारी लेने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि अभी तक प्रदेश में इस संगठन के सक्रिय होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है। श्रीनिवास राव, आईजी, इंटेलिजेंस