जयपुरसरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए बैगों की खरीद में हुए घपले के चलते शिक्षा विभाग ने फिलहाल प्रदेशभर के स्कूलों में बैगों की सप्लाई रोक दी है। अगर मामले की जांच में थोड़ी भी देरी हुई तो बच्चों को समय पर बैग मिलना मुश्किल हो जाएगा, क्योंकि स्कूलों में नया शिक्षा सत्र 30 अप्रैल से शुरू हो रहा है।
प्रवेशोत्सव के तहत बच्चों को पाठ्यपुस्तकों के साथ बैग भी दिए जाते हैं। भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (एसीबी) के अलावा शिक्षा विभाग भी अपने स्तर पर घपले की जांच कर रहा है। इस प्रकरण पर शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी का कहना है कि जांच के चलते स्कूलों को बैगों की सप्लाई अस्थायी तौर पर रोकी गई है।
दूसरी तरफ स्कूली बैगों की क्वालिटी और खरीद में हुए घोटाले पर पंचायती राज शिक्षक संघ ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। संघ के प्रवक्ता नारायण सिंह ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
एक और जांच होगी :
डीपीईपी कमिश्नर शुभ्रा सिंह का कहना है कि एसीबी ने उनसे सीधे कोई रिपोर्ट नहीं मांगी है। फिलहाल इस पर जांच चल रही है। इलेक्शन ड्यूटी के चलते वे खुद बाहर हैं और लौटकर वे अपने स्तर पर भी जांच करवाएंगी।