कोटा. अप्रैल के पहले पखवाड़े में दूसरी बार मौसम में तब्दीली नजर आई है। रविवार को दोपहर बाद धूल भरी हवाओं के साथ हुई बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कोटा में अंधड़ के साथ कुछ देर हल्की बारिश हुई।
कोटा का अधिकतम तापमान रविवार को भी 39.3 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। इधर, कोटा में रविवार को सुबह से ही मौसम सामान्य रहा। आसमान में सूर्य के चढ़ते ही गर्मी का अहसास होने लगा। दोपहर तक तो आलम यह था कि सूर्य की किरणों चुभने लगी। करीब एक बजे के बाद आसमान में बादल घुमड़ने लगे।
थोड़ी देर बाद अंधड़ ने शहर को धूल से ढंक दिया। इसी बीच बारिश शुरू हो गई। कुछ मिनटों की वर्षा से सड़कें भीग गई। शाम 4 बजे के बाद मौसम सामान्य हो गया। दुबारा धूप खिल गई। यहां अप्रैल के पहले सप्ताह में भी मौसम बदला था और पश्चिमी विक्षोभ के कारण कोटा समेत कई स्थानों पर ओलावृष्टि व बरसात हुई थी।
कई स्थानों पर लाइट गुल
जंपर जलने व फ्यूज उड़ने से शहर में रविवार की रात्रि को कई स्थानों पर बिजली गुल रही। जयपुर डिस्कॉम के अधिशासी अभियंता के. जी. चतुर्वेदी ने बताया कि बल्लभबाड़ी में जम्पर जलने की वजह से करीब डेढ़ घंटे तक बिजली सप्लाई बाधित रही। इसी प्रकार गोरधनपुरा में देर रात करीब 10 बजे ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ने से भी इस क्षेत्र में लाइट गुल रही। यहां सप्लाई को पुन: चालू करने में करीब एक घंटे का वक्त लगा।
हाड़ौती में भी बारिश-ओले
बारां जिले में दोपहर करीब तीन बजे मौसम ने करवट ली। बादल घुमड़े और तेज हवा के साथ छींटे पड़े। कवाई में आधा घंटा बारिश हुई और चने के आकार के ओले गिरे। किसानों के खेतों में तैयार पड़ी फसलें भीग गई। इस बीच आंधी से दुकानदारों के पाल-पल्ली उड़ गए।
अंता में भी आधा घंटे तक जोरदार बारिश हुई। इससे खेतों तैयार खड़ी फसलों पर असर पड़ा। बूंदी में भी हल्की बारिश हुई। कवाई में जहां बारिश के साथ चने के आकार के ओले गिरे। इटावा, सुल्तानपुर, अयाना, खातौली क्षेत्रों में दोपहर बादल छाने लगे और तेज हवाओं के साथ आधे घंटे तक तेज बारिश हुई।