HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

लेकसिटी बनी ‘सन सिटी’

उदयपुर. लेकसिटी में रविवार को मौसम सनसिटी जैसा रहा। दिन के साथ रात को भी गर्मी अपना तेवर दिखाने लगी है। रविवार को दिन भर सूर्यदेव आग बरसाते रहे। पारा 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

शुक्रवार की तुलना में शनिवार को न्यूनतम तापमान में यकायक 6 डिग्री की बढ़ोतरी रिकार्ड हुई। पारा 19.2 से उछल कर 25 डिग्री को छू गया। पंखों की स्पीड बढ़ाने से भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही थी। कई घरों में दोपहर को कूलर-एसी चलने लगे। सुबह आठ बजे के आसपास धूप बढ़ने लगी और दो बजते-बजते तपिश एकदम तेज हो गई। शाम को छह बजे तक तपिश महसूस की गई।

सांझ ढलने के बाद ही लोगों को थोड़ी राहत मिल सकी। लगातार तीन दिन की छुट्टियां होने से स्कूली बच्चों व कर्मचारियों को गर्मी में बाहर निकलना नहीं पड़ रहा है। गर्मी का असर सड़कों पर भी साफ नजर आ रहा था। दोपहरी में सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही और दुकानदार भी आधा शटर गिराकर सुस्ताते रहे।

वन घटे तो बढ़ा पारा
पहले दक्षिणी राजस्थान में मई-जून में तापमान 30 से 40 डिग्री के बीच रहता था। वहीं अब यह 40 से 45 डिग्री तक रहने लगा है। कई बार 45 पार भी रिकार्ड किया गया। मौसम में बढ़ी गर्माहट की वजह वनीय क्षेत्र में गिरावट है। राजस्थान के वन क्षेत्र में बड़ी कमी हुई है। पचास बरस पहले वनक्षेत्र करीब 18 प्रतिशत था जो अब 8 प्रतिशत रह गया है।
-डा. नरपतसिंह, सह आचार्य, भूगोल विभाग, सुविवि





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: