bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanKota Kota

बैंक रहे बंद, एटीएम हो गए खाली

रामगंजमंडी. बैंकों में लगातार तीन दिन अवकाश के बाद एटीएम भी खाली होने से शहर के उपभोक्ताओं की समस्या बढ़ गई है। रुपए नहीं मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैंकों में १२ अप्रैल को द्वितीय शनिवार, १३ को रविवार और १४ को रामनवमी का अवकाश रहा। लगातार तीन दिन तक अवकाश रहने से बैंक उपभोक्ताओं को परेशानी तो रही साथ ही एसबीबीजे का एटीएम खराब होने से परेशानी दोगुनी हो गई।

तीन दिन चक्कर लगाने के बाद भी एटीएम से रुपए नहीं निकलने से नौकरीपेशा लोगों की समस्या बढ़ गई।शहर में स्थित एसबीबीजे के साथ पीएनबी, सैंट्रल बैंक, राजस्थान बैंक आदि में लगातार तीन दिन अवकाश था। ऐसे में आवश्यकता पड़ने पर एटीएम ही एक मात्र सहारा था, लेकिन शनिवार से वह भी खराब हो गया। इससे जो भी एसबीबीजे के एटीएम से रुपए निकालने आए, उन्हें निराश ही लौटना पड़ा। जिनको शनिवार को रुपए नहीं मिले वे रविवार और सोमवार को भी एटीएम के चक्कर लगाते रहे।

जिन नौकरीपैशा लोगों ने पहले वेतन नहीं लिया था, वे भी एटीएम से रुपए नहीं मिलने से परेशान रहे। एटीएम से रुपए लेने आए अब्दुल सलीम ने बताया कि तीन दिन से लगातार रुपए निकालने के लिए आया, लेकिन हर बार खाली हाथ लौटना पड़ा।

तीन दिन के अवकाश में बैंक को एक बार तो एटीएम को दिखवाना चाहिए था। देवेंद्र तिवारी ने कहा कि आवश्यकता के समय एटीएम से रुपए लेने आया था। उधर बैंक बंद है और इधर एटीएम नहीं चल रहा है। अब एक दिन और रुपए का इंतजार करना पडेगा।

शिवशंकर ने कहा कि पहले वेतन नहीं निकलवाया था। सोचा था जब आवश्यकता पड़ेगी तो एटीएम से निकाल लेंगे, लेकिन अब यहां भी रुपए नहीं मिल रहे हैं। महिला कर्मचारी निर्मला ने बताया कि छुट्टी में खरीदारी करनी थी, लेकिन एटीएम खराब होने से रुपए नहीं मिल सके। उधर, बैंक सूत्रों का कहना है कि एटीएम में रुपए समाप्त होने से समस्या आई है। मंगलवार को रुपए डाल दिए जाएंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: