टीकमगढ़.
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी देर शाम ललितपुर से टीकमगढ़ पहुंचे। श्री गांधी के साथ यूपी कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा भी दौरे में शामिल हैं। एसपीजी के आधा दर्जन वाहनों में तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यकायक श्री गांधी के टीकमगढ़ पहुंचने को लेकर राजनीतिक हल्कों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। श्री गांधी का बुधवार को छतरपुर जिले में दौरा संभावित हैं। वे देर रात टीकमगढ़ के बैसाटपरियन गांव पहुंच गए थे।
इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने मंगलवार को यूपी के ललितपुर में आमसभा को संबोधित किया था। श्री गांधी इसके बाद यकायक बगैर किसी को जानकारी दिए वहां से टीकमगढ़ जिले की ओर रवाना हो गए। श्री गांधी ने रास्ते में झांसी जिले के गिसौली गांव में ग्रामीणों से मुलाकात की। यहां वे करीब डेढ़ घंटे तक रुके रहे। इस दौरान उन्होंने ज्यादातर समय एक दलित के घर में व्यतीत किया। श्री गांधी ने टीकमगढ़ जिले में प्रवेश के बाद सड़क पर जा रहे लोगों से मुलाकात कर उनसे रोजगार गारंटी सहित अन्य योजनाओं के तहत काम मिलने एवं जीवन-यापन में आ रही परेशानियों के बारे पूछताछ की। देर शाम लगभग 9 बजे श्री गांधी शहर के फोर्ट व्यू हाउस होटल में पहुंचे। यहां यूपी कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा, कांग्रेस नेता यादवेंद्र सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र अध्वयरु भी होटल परिसर में मौजूद रहे। श्री गांधी होटल पहुंचने पर एसपीजी ने पूरे होटल को सुरक्षा घेरे में ले लिया। होटल के कर्मचारियों को मोबाइल के उपयोग नहीं करने की सलाह दी, साथ ही सभी रुके हुए लोगों के मोबाइल भी सुरक्षा कारणों से जब्त कर लिए गए।
श्री गांधी का बुधवार को छतरपुर जिले में दौरा होने की संभावना है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा ने श्री गांधी के दौरे के संबंध में जानकारी होने से इनकार करते हुए प्रतिक्रिया दी कि उनका सौभाग्य है कि श्री गांधी उन्हें यहां लाए हैं, उन्हें आगे दौरे कार्यक्रम की जानकारी नहीं है।