जयपुर . रोडवेज के सेवानिवृत्त कर्मचारी 23 मई को जयपुर में महाधरना देंगे। यह निर्णय मंगलवार को आरएसआरटीसी रिटायर्ड एम्पलाईज एसोसिएशन की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय सम्मेलन में किया गया।
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों का यह सम्मेलन रेलवे स्टेशन रोड स्थित श्रम कल्याण केंद्र में आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन एटक के प्रदेश अध्यक्ष एम.एल. यादव ने किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी खुद का संगठन निर्माण कर एकताबद्ध हों तथा रोडवेज की रक्षा व समस्याओं के समाधान की दिशा में संघर्ष करें। इसमें एटक पूर्ण सहयोग करेगा। राजस्थान स्टेट एम्पलाइज यूनियन के महासचिव हरगोविंद शर्मा ने कहा कि संगठित होकर व्यापक ढंग से लड़ाई लड़ी जा सकती है।
कर्मियों का संगठित होना अच्छा है। यदि सेवानिवृत्त कर्मी आगे बढ़ेंगे तो संगठन उनका भरपूर सहयोग करेगा। सम्मेलन में लंबित पड़े भुगतान, पेंशन भोगियों के बकाया महंगाई भत्तों का भुगतान, निशुल्क यात्रा पास व चिकित्सा सुविधा देने संबंधी मामलों पर चर्चा की गई। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं मंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा। सम्मेलन में राज्यभर से करीब तीन सौ प्रतिनिधि शामिल हुए।
नवगठित संगठन की कार्यकारिणी गठित
सम्मेलन में ही गठित एम्पलाइज यूनियन की कार्यकारिणी भी घोषित की गई। इसमें शंकरलाल पारीक प्रदेश अध्यक्ष, रामावतार शर्मा महासचिव, हरिओम चुघ व रमण कल्ला उपाध्यक्ष, चंद्रप्रकाश अजमेरा व ओपी वर्मा सचिव, नरपतसिंह राठौड़ वित्त सचिव बनाए गए हैं। प्रदेश की सभी इकाइयों के एक-एक सदस्य को कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है।