HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

सुरंग की अड़चन दूर

जयपुर. यातायात के लिए खतरनाक साबित हो रही घाट की गूणी से निजात दिलाने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे से आगरा रोड तक पहाड़ियों के बीच से सुरंग बनाने में वन विभाग की अड़चन हट गई है।

जेडीए की ओर से साढ़े 14 हेक्टेयर जमीन देने के प्रस्ताव पर वन विभाग द्वारा सहमति जताने के बाद जेडीए ने लांगड़ियावास और स्मृति वन में से दी जाने वाली जमीन के हस्तांतरण के बारे में फाइल भिजवा दी है। लांगड़ियावास में 10 हेक्टेयर और स्मृति वन की 4.5 हेक्टेयर जमीन वन विभाग को दी जाएगी।

ऐसी होगी सुरंग
जेडीए की ओर से स्पॉन कन्सल्टेंसी कंपनी से तैयार करवाए गए प्रोजेक्ट की रिपोर्ट के अनुसार यह सुरंग ट्रांसपोर्टनगर चौराहे स्थित रोडवेज के डिपो से शुरू होकर पहाड़ियों को काटती हुई आगरा रोड पर निकलेगी।

चार लेन की सुरंग के दो भाग वाहनों के आने-जाने के लिए होंगे। खास बात यह होगी कि यह सुरंग कहीं भी जमीन से लगती हुई नहीं होकर पहाड़ियों के बीच वाले स्थान पर फ्लाईओवर के रूप में होगी। साथ ही सुरंग के दोनों भाग आपस में जुड़े होंगे ताकि एक हिस्से में गड़बड़ होने पर वाहन दूसरे भाग से आ-जा सके। सुरंग के दोनों सिरों पर जयपुरी शैली के प्रवेश द्वार बनेंगे।

वाहनों से वसूला जाएगा टोल
साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सुरंग पर 115 करोड़ रुपए खर्च होंगे। निर्माण के लिए जेडीए बीओटी आधार पर टेंडर निकालेगा। सुरंग से गुजरने वालों वाहनों से निर्माता कंपनी 30 साल तक टोल टैक्स वसूलेगी। तीस साल बाद सुरंग जेडीए को हस्तांतरित कर दी जाएगी।

वन विभाग को जमीन देने के प्रस्ताव पर सहमति के बाद अब आधिकारिक मंजूरी आनी बाकी है। वन विभाग की एनओसी आते ही हम सुरंग निर्माण के लिए निविदाएं आमंत्रित करेंगे।
—रामबाबू गुप्ता, प्रोजेक्ट सलाहकार, जेडीए

जेडीए की ओर से जमीन ट्रांसफर के प्रस्ताव आ चुके हैं। मामला लगभग फाइनल स्टेज पर है।
—वाई.सी.शर्मा, उप वनसंरक्षक, जयपुर (मध्य)





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: