इंदौर. शहर में बहुमंजिला इमारतों के निर्माण अनुमति के लिए गठित हाईराईज कमेटी की बैठक में पांच भवनों के निर्माण की मंजूरी मिल गई। समिति के पास कुल 10 प्रस्ताव थे, जिसमें से 2 पर शासन से मार्गदर्शन मांगा गया जबकि अन्य तीन को विभिन्न कारणों से लौटा दिया गया। इन प्रस्तावों में खजराना क्षेत्र में एक विशाल ट्रेजर मार्केट का निर्माण भी शामिल है।
संभागायुक्त बी.पी. सिंह की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे संभागायुक्त कार्यालय पर हुई बैठक में कलेक्टर, निगमायुक्त सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी थे। गंगवाल बस स्टैंड के समीप एक बहुमंजिला हेल्थ केयर सेंटर सहित पांच आवासीय-कमर्शियल इमारतों के निर्माण मंजूर किए गए।
मेसर्स विमल टिबरेवाल द्वारा छोटी खजरानी में 27 मीटर ऊंचे भवन निर्माण का प्रस्ताव आया। होटल बनाने के लिए आईडीए से लीज पर ली गई इस जमीन में पहले 30 मीटर ऊंचे भवन निर्माण का प्रस्ताव था। संशोधित प्रस्ताव में ऊंचाई कम करने के साथ इस शर्त पर मंजूरी दी गई कि निर्माता भवन के सामने सड़क बनाएगा।
मेसर्स एक्सोटिक एक्सपोर्ट प्रा.लि. को स्कीम 54 में आईडीए से लीज पर प्राप्त 1227 वर्गमीटर क्षेत्र में कमर्शियल भवन बनाने की स्वीकृति इस शर्त पर मिली कि वह कॉमन स्पेस पार्किग स्थल में निगम द्वारा बहुमंजिला पार्किग बनाए जाने की सहमति देगा। मेसर्स फाइव स्टार डेवलपर्स प्रा.लि. द्वारा ट्रेजर मार्केट सिटी के निर्माण का प्रस्ताव आया, जिसे भवन के चारों ओर सार्वजनिक सड़क निर्माण करने की शर्त पर अनुमति दी।
यह परिसर 79 हजार वर्ग मीटर में खजराना बायपास पर प्रस्तावित है। इसके अलावा स्कीम-78 में 30 मीटर ऊंचाई के भवन निर्माण को स्वीकृति दी गई। यह प्रस्ताव मेसर्स नूरजहां कंसल्टेंट प्रा.लि. द्वारा दिया गया था। मेसर्स गिरिराज बिल्डकॉन गिरिराज डेवलपर व श्याम डेवलपर के प्रस्ताव को शासन के पास भेजा है, वहीं दीप ज्योति गृह निर्माण सहकारी संस्था के दो व वैष्णवी इंशुरेंस के एक प्रस्ताव पर कागजात पूरे ने होने से चर्चा नहीं हो सकी।