News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur रायपुर.
बिलासपुर जिले के बोड़सरा बाड़ा में श्वेत ध्वज फहराने की कोशिश में हंगामा और पुलिस पर हमले करने वाले सतनामी समाज के सैकड़ों लोगों ने मंगलवार को राजधानी में जोरदार प्रदर्शन किया। समाज के धर्मगुरु बालदास समेत 100 समर्थकों ने हंगामे के बाद गिरफ्तारी दे दी। उन्हें तत्काल बिलासपुर रवाना कर दिया गया। बालदास और उनके समर्थकों पर बलवा का आरोप है। शनिवार को बोड़सरा बाड़ा में धार्मिक ध्वज फहराने की कोशिश की। रोकने पर उग्र भीड़ ने पुलिस पर हमला कर गाड़ियां जला दी थी।
तलवार से एसपी भी जख्मी हो गए। काफी हंगामा, पथराव के बाद से माहौल अब भी गर्म था। सतनामी समाज ने इस मुद्दे पर जेल भरो आंदोलन, प्रदर्शन का ऐलान किया था। वहां से सतनामी समाज के लोग वाहनों में भरकर सुबह ही राजधानी पहुंच गए। वे कलेक्टोरेट में इकट्ठे हुए। वहां से वे दोपहर जुलूस की शक्ल में सुभाष स्टेडियम के लिए रवाना हुए।
उस समय बालदास वहां नहीं थे। करीब 4.45 बजे वे सुभाष स्टेडियम के पास पहुंचे। भीड़ को पुलिस ने पहले ही रोक रखा था। जैसे ही बालदास आए, पुलिस ने उन्हें कब्जे में ले लिया। उनकी गिरफ्तारी के साथ समाज के लोग थोड़े उग्र हो गए। विरोध, नारेबाजी से माहौल बिगड़ते देख पुलिस ने सभी को बस में बैठाया और तत्काल बिलासपुर रवाना कर दिया।
बाद में समाज के एक प्रतिनिधि मंडल ने गिरफ्तारी के विरोध में राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बताया कि बालदास पर जानलेवा हमला करने और बवाल का आरोप है। उनके खिलाफ धारा 147, 148, 149, 453, 25,27 आर्म्स एक्ट की धारा के तहत अपराध दर्ज है।