HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

बुधवारी मंडी में आग 60 गुमटियां खाक

बिलासपुर. बुधवारी बाजार की सब्जी मंडी में मंगलवार की रात आग लग जाने से करीब 60 दुकान जलकर राख हो गए। इसके अलावा बिजली दुकान, आटा चक्की व सब्जी गोदाम भी प्रभावित हुए हैं। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट को बताया जा रहा है। आज रात करीब 11 बजे बुधवारी बाजार स्थित सब्जी मंडी में शार्ट सर्किट से उठी चिंगारी से आग लग गई। सब्जी दुकानों की छत में घास-फूस व पालीथिन थे, जो गर्मी के कारण सूख गए थे। चिंगारी उठने से घास में आग फैल गई। देखते ही देखते सब्जी मंडी धू-धू कर जलने लगा।

आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम व फायर ब्रिगेड को आगजनी की सूचना दी। बुधवारी के व्यवसायी भी आग लगने की सूचना पर पहुंचे। आग तेजी से फैल रही थी। करीब घंटेभर बाद दमकल पहुंचा। उससे आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। इस बीच बिजली दुकान, आटा चक्की व सब्जी गोदाम भी आग की चपेट में आ गए थे। सब्जी दुकानों की छत जल गई थी, वहीं लकड़ी के खंभे जल रहे थे। दमकल की मदद से उन्हें बुझाया गया। कुछ देर बाद एक अन्य दमकल पहुंचा। सकरी गली होने के कारण दमकल को दूसरी तरफ नहीं पहुंचाया जा पा रहा था।

एक ही तरफ से दमकल से पानी डाला जा रहा था। करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी की खबर पर एसडीएम संजय अग्रवाल, एएसपी सिटी बीएन मीणा, तोरवा पुलिस समेत आरपीएफ के जवान भी पहुंच गए थे। आगजनी में बिजली दुकान में काफी क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस के साथ बुधवारी बाजार के नितेश गेमनानी, चिंटू वाधवानी आदि व्यापारियों ने भी आग बुझाने में मदद की।

खाली कराई गईं आसपास की दुकानें

आगजनी की खबर मिलने पर आसपास के व्यवसायी भी पहुंच गए। मंडी से जुड़े हुए जिनके दुकान थे, उन्होंने दुकानें खाली करनी शुरू कर दी थीं। सब्जी गोदाम वाले भी कैरेट आदि खाली कर रहे थे। आग पर काबू पा लेने के बाद उन्होंने सामान रखने शुरू किए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: