News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. दो भाइयों के बीच रकम के लेन-देन को लेकर चल रहे विवाद में बीच-बचाव कर रहे वृद्ध को एक युवक ने धक्का दे दिया। इससे वह दीवार से जा टकराया और उसके सिर में गंभीर चोट लगी। बाद में उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मुंगेली पुलिस के अनुसार ग्राम पेंडाराकांपा निवासी 58 वर्षीय सुंदरलाल सतनामी गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में चौकीदारी करता था। रोज की तरह सोमवार की रात लगभग 9:30 बजे भोजन करके वह घर से खेत जाने के लिए निकला। वह कुछ दूर ही पहुंचा था कि उसने देखा कि रास्ते में गांव के ही दो भाई छन्नू और मन्नू सतनामी रुपए के लेन-देन के विवाद को लेकर आपस में झगड़ रहे हैं। वह दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश करने लगा, लेकिन दोनों युवक मानने को तैयार नहीं थे। उसके हाथ में एक डंडा था।
तैश में छन्नू अपने भाई को मारने के लिए उसके हाथ से डंडा छिनने का प्रयास करने लगा। सुंदरलाल ने उसे डंडा नहीं दिया। इससे गुस्से में आकर उसने वृद्ध को जोर से धक्का दे दिया। वह गिर गया और उसका सिर दीवार से जा टकराया। उसके सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गया। इस बीच शोरगुल सुनकर वहां पर काफी लोग जमा हो गए थे।
उन्होंने वृद्ध को अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में छन्नू के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।