HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

फर्जीवाड़ा कर लाखों का लोन

अजमेर. ssदूसरे की जमीन की रजिस्ट्री में हेरफेर कर केनरा बैंक से छह लाख रुपए का लोन उठाने के आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने इंडस इंड बैंक में फर्जी खाता खुलवा कर लोन का चेक कैश करा लिया था। मंगलवार को इंडस इंड बैंक के मैनेजर ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने फर्जीवाड़े की और वारदातें खुलने की उम्मीद जताई है।

पुलिस के अनुसार गहलोतों की डूंगरी निवासी भंवरलाल गहलोत पुत्र गेंदालाल ने बताया था कि उसे इंडस इंड बैंक की कचहरी रोड शाखा से खाते का स्टेटमेंट मिला था। जिसके मुताबिक बैंक में उसके नाम के खाते में केनरा बैंक की ओर से जारी छह लाख रुपए का चेक जमा हुआ था। इसका भुगतान भी हो गया। भंवरलाल ने मंगलवार को इंडस इंड बैंक के शाखा प्रबंधक महेश सोनकिया को जानकारी दी कि उसने कभी भी बैंक में खाता नहीं खुलवाया है। उसके नाम से किसी ने फर्जी खाता खुलवा लिया है।

सोनकिया ने खाते से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। दस्तावेज भंवरलाल गहलोत के थे, जबकि फोटो नया बाजार निवासी सुशीलकुमार गोयल की थी। गोयल ने निर्वाचन आयोग की ओर से जारी भंवरलाल के पहचान पत्र में हेरफेर कर खुद का फोटो लगा लिया था। दस्तावेज में भंवरलाल के राशन कार्ड की फोटो स्टेट कॉपी भी संलग्न की गई थी। फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर ब्रांच मैनेजर सोनकिया ने सुशीलकुमार गोयल को बहाने से बैंक बुलवा लिया और कोतवाली प्रभारी गोपालसिंह राठौड़ को मामले की जानकारी दे दी। पुलिस ने आरोपी गोयल को हिरासत में ले लिया।

बैंक प्रशासन भी शक के घेरे में
फर्जी दस्तावेजों से छह लाख का लोन लेने के मामले में केनरा बैंक की कचहरी रोड शाखा के कर्मचारियों की लिप्तता भी सामने आई है। लोन के मामले में बैंक प्रशासन आवेदक के दस्तावेजों की तस्दीक करता है, लेकिन इस मामले में कर्मचारियों ने बगैर मौका मुआयना और तस्दीक के ही लोन पास कर दिया। आरोपी ने खाता खुलवाने के लिए जरूरी दस्तावेजों की सत्यापित प्रतिलिपियां पेश की थीं। इसमें जवाजा उप जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी प्रमाण पत्र भी है, जिसमें आरोपी को शिक्षा विभाग का कर्मचारी बताया गया है। इस आधार पर बैंक ने खाता खोल दिया। मंगलवार को भंवरलाल गहलोत की सूचना पर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
- महेश सोनकिया, शाखा प्रबंधक इंडस इंड बैंक

फर्जी दस्तावेज से ऋण स्वीकृती के मामले की विभागीय जांच की जा रही है। पुलिस को भी शिकायत दी जाएगी।
- एसके वर्मा, केनरा बैंक शाखा प्रबंधक

ऐसे किया फर्जीवाड़ा
भंवरलाल गहलोत ने बताया कि करीब आठ साल पहले सुशीलकुमार गोयल ने लोन दिलाने के नाम पर उससे तीस हजार रुपए लिए थे। उसने जमीन की रजिस्ट्री और अन्य कागजात भी ले लिए थे। इसके बाद से वह टालमटोल कर रहा था। गोयल ने पंजीयन कार्यालय से उसकी रजिस्ट्री हासिल करने के बाद उसमें हेरफेर कर दूसरे का फोटो लगा दिया। फर्जी इकरारनामा तैयार कर गोयल ने जमीन की रजिस्ट्री खुद के नाम करवा ली। फर्जी रजिस्ट्री केनरा बैंक की कचहरी रोड शाखा में पेश कर उसने छह लाख का लोन पास करवा लिया। केनरा बैंक शाखा भवन के फस्र्ट फ्लोर पर स्थित इंडस इंड बैंक की शाखा में गोयल ने भंवरलाल गहलोत के नाम से फर्जी खाता खुलवाया और चेक कैश करवा लिया।

लोन की दलाली
पुलिस के अनुसार शुरुआती तौर पर मामला लोन दिलाने के नाम पर दलाली का लगता है। भंवरलाल गहलोत का कहना है कि आरोपी सुशीलकुमार गोयल ने लोन दिलाने का झांसा देकर तीस हजार रुपए लिए थे। गहलोत ने आरोप लगाया कि दस से पंद्रह प्रतिशत दलाली पर लोन दिलाने का गोरखधंधा चल रहा है।

पीड़ित सहित पांच पर मुकदमा
कोतवाली पुलिस ने केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक एसके वर्मा की रिपोर्ट पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में फर्जीवाड़े का शिकार भंवरलाल भी शामिल है। वर्मा ने आरोप लगाया है कि नयाबाजार निवासी सुशील कुमार गोयल पुत्र रामजीलाल, उसकी पत्नी सुनीता गोयल, इंडस इंड बैंक के शाखा प्रबंधक और एक अन्य व्यक्ति ने फर्जी दस्तावेज पेश कर लोन मंजूर करा लिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: