HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

सीएम की घोषणाएं झूठ का पुलिंदा

बीकानेर. कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और नगर विधायक डॉ. बी.डी.कल्ला ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा है कि समरसता रैली में की गई घोषणाओं में से एक भी नई नहीं है और किसी में भी राज्य सरकार का पैसा नहीं लगा है। केंद्र सरकार और दानदाताओं के सहयोग से होने वाले कार्यो को सरकार अपने खाते में दर्ज करवाना चाहती है।

बीकानेर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने यह कहा। कल्ला ने कहा कि भाजपा की रैली को सरकारी रैली बनाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया जिसकी हम निंदा करते हैं। इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग से संचालित होने वाली योजनाओं को राज्य के नाम से चलाने की प्रवृत्ति पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक बेइमानी है। कांग्रेस ने कभी भी किसी योजना का नाम नहीं बदला लेकिन भाजपा सरकार ऐसा कर रही है।

एक सवाल के जवाब में डॉ. कल्ला ने कहा कि राजस्थान पर 32000 करोड़ रुपए का कर्जा है। बीते चार साल में राजस्थान पर ऋण बढ़ा है और आज भी राजस्थान बीमारू की श्रेणी में है। हालांकि इस बीच केंद्र सरकार की सहायता राशि बढ़ी है।

उन्होंने इस बात पर हैरत जताई कि जिस सूरसागर के लिए उन्होंने राशि स्वीकृत करवाई उसका श्रेय भाजपा लेना चाहती है। पीबीएम अस्पताल में शुरू हुई लीनीयर एक्सीलरेटर मशीन को भी उन्होंने अपने कार्यकाल में स्वीकृत बताया। उन्होंने कहा कि रवींद्र रंगमंच के लिए बीएडीपी के मद से जो राशि स्वीकृत की गई है वह मेरे मद से गई है लेकिन इन सभी पर भाजपा सरकार अपनी मुहर लगाकर झूठी वाह-वाही लेना चाहती है।

डॉ. कल्ला ने कहा कि अगर दलितों के लिए कुछ करने का दावा सरकार करती है तो यह बताए कि निजी स्कूलों में एससी, एसटी के छात्र-छात्राओं की भर्ती के कोटे में पिछले चार वर्षो में कितने छात्रों को दाखिला मिला जबकि हर वर्ष 12500 प्रवेश का प्रावधान है। यही नहीं भाजपा सरकार ने तो निकायों में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं करके ठेका प्रथा को शुरू किया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया और जवाब के बहाने जो बातें बताई उसमें एक भी काम राज्य सरकार का नहीं था। उन्होंने दोहराया कि इसी भाजपा सरकार की वजह से रेल बाइपास अधर में रह गया, सड़क और कच्ची बस्तियों का पैसा डायवर्ट कर दिया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: