HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

सीएम के गांव में होगा संत-समागम

रायपुर. मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के गांव ठाठापुर से लगे रामपुर में 25 अप्रैल से राम चरित्र मानस यज्ञ शुरू होगा। इस आयोजन में शंकराचार्र्यो के अलावा देश भर के साधु-संतों को न्योता दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री आज सपत्नीक गुजरात रवाना हो गए। वहां लौटकर आने के बाद 10 दिनी भागवत कथा, यज्ञ और संत समागम में व्यस्त हो जाएंगे। ऐसा कहा जा रहा है कि वहां भाजपा, आरएसएस और विहिप नेताओं की मौजूदगी में गुजरात फार्मूला लागू करने रणनीति भी बनेगी। यह धार्मिक कार्यक्रम 5 मई तक चलेगा। तैयारी शुरू हो चुकी है। खुद मुख्यमंत्री ने इसकी रूपरेखा तैयार की है। जानकारों के मुताबिक यज्ञ में कवर्धा जिले के लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।

गांव - गांव में मुनादी की जा रही है और हर गांव में समितियां भी बना दी गई हैं। हर दिन 30 से 40 हजार की भीड़ जुटने की उम्मीद की जा रही है, इस हिसाब से लोगों के लिए व्यवस्था भी हो रही है। वाहनों से लेकर भोजन तक की व्यवस्था करने समितियां बनाई गई हैं जिसमें स्थानीय लोगों को ही महत्व दिया गया है। यज्ञ संयोजन समिति के प्रभारी संत बालक दास हैं।

संतों को निमंत्रण

गुजरात दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह द्वारका पीठ व सोमनाथ भी जाएंगे। वहां दर्शनलाभ के अलावा वे शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती समेत अन्य प्रमुख संतों से भी मुलाकात करेंगे। बताया गया है कि डा. रमन सिंह यज्ञ में उन्हें आमंत्रित करने गए हैं। आयोजन में पुरी के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद भी हिस्सा लेंगे।

कुंभ के बाद

राजिम कुंभ के बाद सत्तापक्ष का यह दूसरा बड़ा धार्मिक आयोजन है जिसमें संत व नेताओं को एक साथ देखा जाएगा। माना जा रहा है कि आरएसएस के सुझाव पर यह आयोजन किया जा रहा है। पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव गुजरात फामरूले पर लड़ना चाहती है। संभव है कि इसी दौरान पार्टी की चुनावी रणनीति और आगे के कार्यक्रम तय हो। दिल्ली से भाजपा नेताओं के आने की भी उम्मीद है। रविशंकर प्रसाद, धर्मेन्द्र प्रधान, सौदान सिंह, राम प्रताप सिंह, विष्णुदेव साय के अलावा रमन सिंह सरकार के मंत्रियों व पार्टी के पदाधिकारियों का शामिल होना तय है।

वेदांती का नाम नहीं

संत रामविलास वेदांती को यज्ञ में आमंत्रित किए जाने को लेकर असमंजस की स्थिति है। संत वेदांती ने राजिम कुंभ में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह और राहुल गांधी के बारे में टिप्पणी कर माहौल गरमा दिया था। दावा किया जा रहा है कि रामपुर के यज्ञ में आमंत्रित संतों की सूची में संत वेदांती का नाम फिलहाल नहीं है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: