HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

रिंगरोड 6 गांवों के सीने पर

रायपुर. मास्टर प्लान में प्रस्तावित रिंग रोड नंबर चार 15 किमी लंबी होगी। सरोना से रायपुरा, भाठागांव और लालपुर होते हुए यह सड़क जीई रोड पर जोरा गांव के पास मिलेगी। इसकी चौड़ाई 75 मीटर प्रस्तावित है। सड़क जिस इलाके से गुजरनेवाली है, फिलहाल वहीं 200 से ज्यादा मकान हैं।

9 प्रमुख सड़कों से

प्रस्तावित रिंग रोड नंबर-4 की रायपुरा के पास पाटन रोड, महादेवघाट रोड, भाठागांव रोड, वाटरपार्क रोड, पुरानी धमतरी रोड, काठाडीह रोड, अभनपुर रोड, वीआईपी रोड को काटते हुए जीई रोड तक पहुंचेगी। यह रिंगरोड नंबर 1 पर सरोना ओवरब्रिज तथा रायपुर गांव के बीच से अलग होगी। वहां से रायपुरा होते हुए भाठागांव, चंगोराभाठा, बोरियाखुर्द, लालपुर, डुमरतराई, देवपुरी होते हुए फुंडहर से जोरा के पास जीई रोड पर मिलेगी।

कहां, कितने मकान

प्रस्तावित रिंग रोड पर सरोना से ही मकानों का कब्जा है। सरोना में 20, रायपुरा में 50, भाठागांव में 50, बोरियाखुर्द में 20, लालपुर में 30, डुमरतराई और फुंडहर को मिलाकर 30 से अधिक मकान इसकी सीमा में हैं। नगर निवेश संचालनालय के मुताबिक रिंग रोड पर कुछ फैक्ट्रियां, कृषि जमीन तथा कुछ निजी भूखंड भी इसकी चपेट में आएंगे। भविष्य में यही प्रस्तावित मार्ग जोरा से महासमुंद रोड और पिरदा मार्ग से होकर बलौदाबाजार पहुंचेगी। वहां तक चौड़ाई 45 मीटर प्रस्तावित है।

रिंग रोड इसलिए

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग ने नई रिंग रोड का प्रस्ताव हैवी ट्रैफिक की समस्या को ध्यान में रखकर बनाया है। रिंग रोड नंबर-1 पर भारीभरकम वाहनों से हादसे बढ़ रहे हैं। इसकी वजह इस रिंगरोड पर बढ़ता ट्रैफिक दबाव है। नई रिंग रोड इस दबाव को आधे से भी कम कर देगी।

विरोध में जुटे ग्रामीण

नए मास्टर प्लान में प्रस्तावित रिंग रोड ने ग्रामीणों को उद्वेलित कर दिया है। रायपुरा बस्ती में हस्ताक्षर अभियान शुरू हो गया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने आवास एवं पर्यावरण मंत्री गणोशराम भगत का घेराव करने की घोषणा की है। रायपुरा वार्ड की पार्षद शारदा गोस्वामी ने गांव वालों से हस्ताक्षर लेकर लोगों का समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है।

400 से ज्यादा ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर रिंग-रोड का खुले रूप से विरोध किया है। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण से आसपास के 500 से ज्यादा मकान उजड़ेंगे। महादेव घाट रोड और आसपास के इलाकों का सड़क बनने से स्वरूप ही बिगड़ जाएगा। इस मामले में नगर निवेशक और शासन को ज्ञापन दिया जाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: