News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. गंगा-मालनपुर में सॉफ्टवेयर टेक्नॉलाजी पार्क के कार्यालय के लिए चार मंजिला भवन बनेगा। इसका कुल निर्माण एरिया 8152 वर्ग मीटर होगा। कुछ माह पूर्व ही गंगा-मालनपुर (ट्रिपल आईटीएम के पास) में 13 हेक्टेयर पर सॉफ्टवेयर टेक्नॉलाजी पार्क के निर्माण के लिए शिलान्यास हुआ था। उसके बाद मध्यप्रदेश इलेक्ट्रोनिक डेवलपमेंट कापरेरेशन ने एमपी हाउसिंग बोर्ड को इसके भवन के निर्माण के लिए नोडल एजेंसी बना दिया। हाउसिंग बोर्ड ने इसके लिए टेंडर कर दिए और 10 अप्रैल को टेंडर खुल गए।
बोर्ड के डिप्टी कमिश्नर डीडब्ल्यू जोशी का कहना है कि टेंडर अभी प्रक्रिया में है और बोर्ड जल्द से जल्द औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर देगा। बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, 13 हेक्टेयर जमीन की बाउंड्रीवाल, इंटरनल रोड, पेयजल व अन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के अलावा कुल 8152 वर्ग मीटर निर्मित क्षेत्रफल का चार मंजिले भवन का निर्माण किया जाना है।
हाउसिंग बोर्ड ने आयटम रेट के हिसाब से टेंडर किए हैं और भवन निर्माण व बाउंड्रीवाल सहित अन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर सामग्री के रेट बढ़ चुके हैं इसलिए हो सकता है कि व्यय 10 करोड़ रुपए से अधिक हो। हाउसिंग बोर्ड ने वर्क आर्डर के बाद इस कार्य को पूरा करने के लिए 18 माह की समय सीमा निर्धारित की है।
सूत्रों के अनुसार, सॉफ्टवेयर टेक्नॉलाजी पार्क के लिए आरक्षित जगह के दूसरे हिस्से में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप से पार्क किसी आईटी एक्सपर्ट एजेंसी से इंटरनेट कनेक्शन के बड़ी केबिल लाइनों के जाल बिछाने, आईटी हब आवश्यक सर्किट तैयार करने, अर्थ स्टेशन बनाने व छतरियों को लगाने का कार्य करेगी। आईटी पार्क में आने वाली कंपनियां इस स्टेशन से कनेक्शन लेकर वल्र्ड आईटी उद्योग से जुड़ सकेंगी। विश्व की किसी भी कंपनी को नए सॉफ्टवेयर की आवश्यकता होने या आईटी से संबंधित अन्य डिमांड होने पर यहां की कंपनियां अपने प्रस्ताव भेज सकेंगी और जरूरत के हिसाब से सॉफ्टवेयर निर्मित कर यहीं से कंपनियों को ट्रांसफर कर सकेंगी।