नई दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी में वीरवार को होने जा रही ओलंपिक मशाल रिले दौड़ में तबाही मचाने के मकसद से चीन के पांच खूंखार आतंकवादी घातक हथियारों समेत नई दिल्ली में घुस आए हैं। ये चीनी नागरिक प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन ईस्ट तुर्कीस्तान इस्लामिक मूवमैंट (ईटीआईएम) के सदस्य हैं।
यह खुफिया जानकारी इंटैलीजैंस ब्यूरो (आईबी) ने दिल्ली पुलिस समेत १७ सुरक्षा एजैंसियों को भेजी है। इसके अनुसार मोहम्मद अब्दुल्ला, मोहम्मद अब्दुल खालिद, उमर अजीज, यूसुफ सत्तार व अब्दुल्ला दाऊद नामक ये आतंकवादी इस समय दक्षिण दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में कहीं छिपे हुए हैं। सुरक्षा एजैंसियां मंगलवार देर रात तक सरगर्मी से इनकी तलाश कर रही थीं।
स्थानीय व्यक्ति की मदद :
आईबी के मुताबिक दिल्ली के सीलमपुर में रहने वाला मोहम्मद तारिक इन आतंकवादियों की मदद कर रहा है। वह एक व्यापारी है और चीन से इलैक्ट्रानिक सामान आयात करता है। आईबी ने विभिन्न सुरक्षा एजैंसियों को तारिक का पता व फोन नबंर दे दिया गया है। आईबी का मानना है कि तारिक ने ही इन आतंकवादियों के ठहरने का इंतजाम किया और कई अन्य लोगों से संपर्क करने में मदद की है।