नई दिल्ली.आज संसद के दोनों सदनों में मंहगाई मुद्दे पर चर्चा होगी। आज केन्द्रिय कृषि मंत्री शरद पवार लोकसभा में बढ़ती मंहगाई पर अपने विचार प्रकट करेगें। जरुरत होने पर वित्त मंत्री चिदंबरम उनका साथ देंगे।
गौरतलब है कि महंगाई के मुद्दे पर मंगलवार को संसद की कार्यवाही पूरे दिन नहीं चल पाई। बीजेपी, लेफ्ट और यूएनपीए के सदस्यों ने कहा कि महंगाई से बड़ा और कोई मुद्दा नहीं है। दोनों सदन पहले एक बार स्थगित हुए। फिर भी व्यवस्था नहीं बनी तो पीठासीन अधिकारियों को सदन पूरे दिन के लिए स्थगित कर देने पड़े।
राज्यसभा में भी विपक्षी एनडीए, यूएनपीए और सरकार को बाहर से समर्थन दे रही लेफ्ट पार्टियों ने जमकर हंगामा किया। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही सदन में महंगाई का मुद्दा छा गया और विपक्षी दल बीजेपी व एसपी के सदस्य अध्यक्ष के आसन के निकट आ गए और सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे। लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने उन्हें नारे लगाने से मना भी किया लेकिन उत्तेजित सदस्यों ने चटर्जी की बात पर कोई ध्यान नहीं दिया।
बीजेपी सहित एनडीए के सभी घटक सदस्यों, समाजवादी पार्टी और लेफ्ट पार्टियों के सदस्यों ने बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन अपने-अपने ढंग से बढ़ती महंगाई पर रोष व्यक्त किया। उत्तेजित सदस्यों के प्रश्नकाल को चलने नहीं देने के मूड को देखते हुए सभापति मोहम्मद हामिद अंसारी ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी सदन में उपस्थित थे।