News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.साउथ अफ्रीका को तीन दिन में हार का मुंह दिखाने वाली ग्रीन पार्क की ‘चमत्कारी’ पिच पर अब आईसीसी ने तेवर तीखे कर लिए हैं। आईसीसी ने बीसीसीआई को नोटिस भेजकर पूछा है कि आखिर कानपुर में खेला गया टेस्ट तीन दिन में कैसे खत्म हो गया? बीसीसीआई को 14 दिन में इस नोटिस का जवाब देना है।
गौरतलब है कि ग्रीन पार्क की पिच बनाने वाले क्यूरेटर शिव कुमार को भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने धन्यवाद लेटर और 10 हजार रुपए ईनाम के रूप में दिए थे। आईसीसी को शक है कि टीम इंडिया के लिए जानबूझकर स्पिनर्स के लिए मददगार पिच बनाई गई थी।
मैच रेफरी ने दी थी रिपोर्ट : तीसरे टेस्ट में मैच रेफरी की भूमिका निभा रहे श्रीलंका के रोशन महानामा ने पिच के बर्ताव पर आईसीसी को रिपोर्ट भेजी थी। इसमें पिच पर कई सवाल खड़े किए गए थे। इसी रिपोर्ट के बाद आईसीसी ने बीसीसीआई को नोटिस भेजा है।
क्या हो सकता है :
अगर कानपुर की पिच में खराबी पाई जाती है तो आईसीसी इस मैदान को इंटरनेशनल मैचों के लिए ब्लैक लिस्ट कर सकती है। यह बैन एक से दो साल तक का हो सकता है। इंडिया के पूर्व सिलेक्टर किरण मोरे का कहना है कि कानपुर की पिच को लेकर सवाल उठना लाजमी था।
क्या होगी कार्रवाई : इतिहास गवाह है कि विश्व के सबसे धनी बोर्ड बीसीसीआई पर आईसीसी हमेशा से कार्रवाई करने में हिचकिचाती रही है। सायमंड्स-भज्जी विवाद में भी आईसीसी पर बीसीसीआई के सामने घुटने टेकने पर कई सवाल उठे थे।