भोपाल/बैतूल. बैतूल लोकसभा उपचुनाव का नतीजा भाजपा के लिए राहत का संकेत लेकर आया है। भाजपा प्रत्याशी हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव पांसे को 35 हजार से ज्यादा मतों से परास्त कर लगातार पांचवीं बार बैतूल पर कब्जा बरकरार रखा। पिछले लोकसभा चुनाव में तीसरे नंबर पर रहे सपा प्रत्याशी डा. सुनीलम इस बार अपनी जमानत तक नहीं बचा पाए और चौथे नंबर पर रहे।
घोषित परिणामों के मुताबिक भाजपा प्रत्याशी हेमंत खंडेलवाल को तीन लाख 674, कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव पांसे को 2 लाख 65 हजार 234 वोट मिले। श्री खंडेलवाल 35 हजार 440 वोट से विजय रहे। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डा. सुनीलम की स्थिति इस चुनाव में कोई खास अच्छी नहीं रही।
उन्हें वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में तकरीबन 70 हजार वोट मिले थे, जबकि इस चुनाव में 21 हजार 698 वोट मिले हैं, वे चौथे नंबर पर रहे। तीसरे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी रेवाराम झिंझोरे 23 हजार 51 वोट लेकर आगे रहे। सीधी खरगोन लोकसभा व शिवपुरी, लांजी व सांवेर विधानसभा चुनाव में पराजय से मनोबल खो चुके पार्टी केडर के लिए बैतूल के परिणाम उत्सव का कारण बन गए।
इससे पूर्व राज्यसभा की तीनों सीटों की जीत से भी भाजपा के हौंसले बुलंद हुए थे। पूर्व सांसद विजय खंडेलवाल की मृत्यु के कारण रिक्त हुई इस सीट पर कब्जे के लिए भाजपा और कांग्रेस ने पूरा जोर लगा दिया था। भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री शिवराजसिंह और कांग्रेस की ओर से केंद्रीय मंत्री कमलनाथ ने इसे अपनी प्रतिष्ठा की लड़ाई बना लिया था। यही वजह है कि यहां भारी मतदान के बाद भी हार जीत का आंकड़ा पचास हजार के अंदर रहा। पिछले चुनाव में भाजपा ने यहां एक लाख 57 हजार के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।
घोषित परिणामों के मुताबिक बैतूल जिले की छह में से पांच विधानसभा सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की जबकि मासौद में कांग्रेस प्रत्याशी पांसे आगे रहे। हरदा जिले की हरदा विधानसभा सीट पर कांग्रेस और टिमरनी में भाजपा की जीत हुई है। राजस्व मंत्री कमल पटेल के क्षेत्र से भाजपा 1035 वोटों से पीछे रही है। टिमरनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को 2 हजार 834 वोटों से लीड मिली है।
हालांकि जिले से भाजपा ने 1799 वोटों से लीड हासिल की है। प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में हरदा विस क्षेत्र पर कांग्रेस ने जीत हासिल कर ली है। जिले में तीसरे नंबर पर निर्दलीय रेवाराम झिंझोरे रहे। श्री झिंझोरे को 5024 वोट हासिल हुए। हरदा में उन्हें 2313 और टिमरनी में 2711 वोट मिले। श्री झिंझोरे को समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डा. सुनीलम से ज्यादा वोट मिले। डा. सुनीलम को हरदा विधानसभा क्षेत्र से 1187 और टिमरनी से 1512 वोट मिले। डा. सुनीलम को दोनों विस क्षेत्र में कुल 2699 वोट मिले।
बाबूजी (विजय खंडेलवाल) के द्वारा किए गए विकास कार्यो और प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान की जन कल्याणकारी योजनाओं को मतदाताओं ने वोट दिया है। हेमंत खंडेलवाल, भाजपा प्रत्याशी बैतूल भाजपा की सरकार होने से प्रशासन तंत्र को धनतंत्र बनाकर चुनाव जीता गया है।
सुखदेव पांसे, कांग्रेस प्रत्याशी, कांग्रेस
कांग्रेस और भाजपा ने जातिवाद फैलाकर चुनाव जीता है। डॉ. सुनीलम्, समाजवादी प्रत्याशी, बैतूल
इस्तीफे की घोषणा:
सपा प्रत्याशी डॉ सुनीलम ने 143 वीं किसान महापंचायत में विधायक पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। ।