टीकमगढ़.
गंभीर सूखे की स्थिति का सामना कर रहे मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड अंचल के टीकमगढ़ जिले के दौरे पर अचानक पहुंचे कांग्रेस के युवा सांसद राहुल गांधी ने कल रात एक आदिवासी परिवार के घर पर बिताई।
यहां से लगभग 30 किलोमीटर दूर बलदेवगढ़ विकासखंड के तहत आने वाले टपरियन गांव में रात्रि लगभग 11.00 बजे गांधी उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा और एक स्वयंसेवी संगठन के कार्यकर्ता के साथ पहुंचे।
यहां पहुंचकर विशेष सुरक्षा दस्ता (एसपीजी) के सख्त सुरक्षा पहरे में गांधी ने रामा आदिवासी नाम के एक व्यक्ति की झोंपड़ी का रूख किया।
गांधी ने आदिवासी परिवार से उनकी समस्याएं सुनी। घर में रखे सूखे बेर का स्वाद चखने के बाद खाना खाया और मिट्टी के बर्तन में पानी भी पिया। इसके बाद वे रात्रि में वहीं पड़ी चारपाई पर सो गए।
इसके पहले जब कांग्रेस के युवा नेता आदिवासी के घर पहुंचे, तो रामा को एक बार तो भरोसा ही नहीं हुआ। हड़बड़ाहट में रामा ने उन्हें जमीन पर बोरा बिछाकर पूरे सम्मान के साथ बैठाया।
गांधी रात में रामा के अलावा एक अन्य व्यक्ति घनश्याम आदिवासी की झोंपड़ी में भी गए और उनके परिवार से सुख-दुख की बातें की। वे सुबह वापस टीकमगढ़ जिला मुख्यालय स्थित होटल आए तथा सुबह दस बजे तक वह होटल में ही रूके थे।
आज उनके छतरपुर जिले में जाने की चर्चा है। उनकी यात्रा के बारे में प्रशासन को अधिकृततौर पर कोई जानकारी नहीं है।