भिखीविंड.
आखिरकार सरबजीत सिंह के परिवार वालों को पाकिस्तान उच्चयोग ने पाकिस्तान जाने की इजाजत दे दी है। परिवार के पांच सदस्य सात दिन वहां रह सकेंगे तथा जरूरत पड़ने पर वीजा की अवधि बढ़ाई जा सकेगी।
सरबजीत पाकिस्तान की कोट लखपतराय जेल में बंद है। उसे जासूसी के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई है। सजा टालने के लिए कोशिशें की जा रही हैं। सरबजीत की बहन दलबीर कौर ने बताया कि पाकिस्तान सरकार ने परिवार के पांच सदस्यों को वीजा जारी कर दिया है। वे 20 अप्रैल को पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे। सरबजीत को इसी माह एक अप्रैल को फांसी दी जानी थी जिसे 30 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया है।
कौन-कौन जाएगा :
- सरबजीत की पत्नी सुखप्रीत कौर,
- उसके बहनोई बलदेव सिंह,
- उसकी बहन दलबीर कौर,
- बेटी पूनमदीप कौर और स्वपनदीप कौर
क्या करेंगे :
- सबसे पहले सरबजीत से मिलेंगे
- प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति तथा अन्य कैदियों से मिलने की कोशिश करेंगे
- यह साबित करने की कोशिश करेंगे कि सरबजीत निदरेष है। वह असल में सरबजीत है, मंजीत नहीं, जिसके धोखे में उसे सजा दी गई है।
कहां ठहरेंगे :
दलबीर कौर के अनुसार पाकिस्तान के पूर्व मानवाधिकार मंत्री अंसार बर्नी के घर पर उनके ठहरने की संभावना है।