मुंबई.
बॉलीवुड के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने भी ब्लॉगिंग की दुनिया में कदम रख दिया है। ऐसा उन्होंने अपने प्रशंसकों से जीवंत संपर्क और मन में उठने वाले विचारों को एक मंच प्रदान करने के मकसद से किया है। बिग बी ने बताया कि उनका ब्लॉग एचटीटीपी://बिगबी.बिगअदा.कॉम पर होगा।
अमिताभ के अनुसार, इस नए मंच पर वे प्रशंसकों के साथ अपने विचार खुलकर बांट सकेंगे। बिग बी से पहले आमिर खान और फिल्मकार कुणाल कोहली भी ब्लॉगिंग की दुनिया में कदम रख चुके हैं। अमिताभ के मुताबिक, काफी दिनों से उनकी इच्छा थी कि कोई ऐसा मंच हो, जहां वे अपनी बात खुलकर कह सकें। उनका मकसद होगा कि वे लोगों को अपनी ‘असली’ जिंदगी दिखाएं, न कि मीडिया द्वारा पेश किया जाने वाला चेहरा।
नया जीवन मिला : अपना पहला ब्लॉग लिखते वक्त बेहद उत्साहित दिख रहे बिग बी ने कहा कि ऐसा लग रहा है, मानो मुझे नया जीवन मिला है। मैं अब अपने काम के बीच प्रशंसकों के तमाम सवालों के जवाब दिया करुंगा। उन्होंने कहा कि अभी मुझे इस नई विधा को समझने में कुछ वक्त लगेगा और उम्मीद है कि मेरे चाहने वाले इस दौरान थोड़ा धैर्य प्रदर्शित करेंगे। उन्होंने मीडिया पर सीधे आरोप से इनकार करते हुए कहा, ‘मेरे ब्लॉग से एक बात तो साफ हो जाएगी कि मेरे बारे में जो कुछ भी छपता रहा है, उसमें कितनी सच्चई है’। बिग बी ने खुद को ‘आम आदमी’ से अलग बताए जाने पर भी ऐतराज जताया है।
बचपन से पसंद है चंदामामा : इससे पहले गुरुवार रात एक कार्यक्रम में बिग बी ने बच्चों की पत्रिका ‘चंदामामा’ के साठवें वर्ष के विशेष संस्करण का लोकार्पण किया। इस मौके पर अमिताभ ने कहा कि वे बचपन में विदेशी कॉमिक्स पढ़ा करते थे, लेकिन जब उनके माता-पिता ने उन्हें चंदामामा लाकर दी तो वे उसके मुरीद हो गए। उन्होंने कहा कि आज मुझे इसे पढ़ने का वक्त नहीं है, लेकिन मैं चाहूंगा कि मेरे नाती-पोते इसे पढ़ें।