bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

जैन समाज में आक्रोश

बाड़मेर. jainअहिंसा के पर्व महावीर जयंती के जुलूस में शामिल युवतियों की मोबाइल से फोटो लेने और मनचलों के अभद्र व्यवहार से जैन समाज के लोग भड़क उठे। बाद में पुलिस ने इस मामले में एक युवक को तो जिप्सी में बिठा लिया जबकि दो युवक इधर-उधर हो गए। इससे आक्रोशित लोगों ने जिप्सी को घेर लिया।

इस दौरान पुलिस ने जनता को खदेड़ना शुरू कर दिया, जिससे जुलूस में शामिल जैन समाज के लोगों का धैर्य जवाब दे गया। बाद में कोतवाली के पास समाज के कुछ युवकों पर पुलिस ने लाठियां भी भांजी। शुक्रवार को गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में मनचले युवकों की कारस्तानी से तनाव पैदा हो गया।

सुबह करीब ग्यारह बजे शोभायात्रा के सुभाष चौक में पहुंचते ही इसमें शामिल जैन समाज की युवतियों की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए कुछ मलचले युवक मोबाइल से फोटो खींचने लगे। साथ ही जुलूस के साथ-साथ चल रहे इन युवकों ने डांडिया नृत्य करतीं कुछ युवतियों से छेड़खानी की और फब्तियां भी कसीं।

इससे समाज के लोग आक्रोशित हो गए और मनचले युवकों को पकड़ने के लिए पुलिसकर्मियों को कहा, मगर कार्रवाई में देरी होने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार युवकों में से एक जने को पकड़ लिया जबकि दो अन्य युवक पुलिस को देखकर पहले तो खिसक गए, मगर बाद में उन्हें पकड़ लिया गया।

इस आपाधापी में पुलिस और जनता आमने-सामने हो गई। तनावपूर्ण वातावरण के बीच शोभायात्रा ज्यों-त्यों कल्याणपुरा स्थित आराधना भवन तक पहुंच गई। लेकिन यहां आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के बाद जैन समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से बैठक आयोजित कर पुलिस को ज्ञापन देने का निर्णय लिया। पुलिस ने इस मामले में जटियों का पुराना बास निवासी पवन पुत्र आसाराम जटिया, राजू पुत्र सत्तू जटिया और तुलसीराम को गिरफ्तार किया है।

महावीर के जयकारे के बीच गूंजे पुलिस प्रशासन हाय-हाय के नारे
शहर में शुक्रवार सुबह महावीर जयंती की शोभायात्रा की शुरुआत तो जय महावीर के नारे के साथ हुई थी मगर इसके सुभाष चौक पहुंचते ही महावीर के जयकारे के साथ पुलिस प्रशासन हाय-हाय के नारे भी गूंजने लगे। लोगों ने पुलिस पर छेडछाड़ के आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

आधा घंटे बाद पहुंचे सीआई
सुभाष चौक में महावीर जयंती की शोभायात्रा में शामिल युवतियों से छेड़छाड़ की घटना से उत्पन्न तनाव के करीब आधे घंटे बाद कोतवाली सीआई जयसिंह नाथावत मौके पर पहुंचे। इस बीच गुस्साए जैन धर्म के लोगों का आक्रोश पकड़े गए युवकों पर फूट पड़ा। ये पुलिस की जिप्सी में बैठे आरोपी को पीटने को उतारू हो गए।

छेड़छाड़ के आरोपी सदर बाजार से युवतियों के आगे-पीछे मोटरसाइकिल घुमाकर फब्तियां कस रहे थे। ये लोग थाने के आगे से भी गुजरे लेकिन पुलिस ने इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की और सुभाष चौक पहुंचने पर इन्होनें यह हरकत कर डाली।
—मुकेश जैन, प्रतिपक्ष नेता, नगरपालिका, बाड़मेर

महावीर जयंती पर पुलिस प्रशासन ने कोई समुचित बंदोबस्त नहीं किए। इस कारण शोभायात्रा में तनाव उत्पन्न हो गया। इस घटना से पूरा जैन समाज को ठेस पहुंची है।
—नैनमल भंसाली, उपाध्यक्ष, जैन श्रीसंघ

जैन धर्म की शोभायात्रा में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से पुलिस की कमजोरी उजागर हुई है। जैन समाज के वर्ष में गिने-चुने आयोजन होते हैं लेकिन इनमें भी पुलिस जाब्ते की उचित व्यवस्था नहीं होती है।
—सुरेश धारीवाल, सदस्य, शिवाजी ग्रुप संस्थान

यह सच है कि शोभायात्रा में पुलिस व्यवस्था में कमियां रही हैं। एसपी जयपुर हैं और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करने का भरोसा दिलाया है।
—मानिकचंद सुराणा, प्रभारी मंत्री, बाड़मेर

डीएसपी के निलंबन की मांग
शुक्रवार को सुभाष चौक में युवतियों से अभद्र व्यवहार के मामले से गुस्साए जैन श्री संघ के पदाधिकारियों ने कार्यवाहक एसपी शिवराज मीणा को जोधपुर रेंज के आईजी के नाम ज्ञापन सौंपकर डीएसपी लख्मणरॉय राठौड़ को निलंबित करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि असामाजिक तत्वों को डीएसपी ने शह देते हुए जैन समाज के लोगों पर लाठीचार्ज करवाया। इससे समाज के लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची हैं। डीएसपी को तत्काल निलंबित करने की मांग की गई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: