News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati सादुलपुर.
कांधराण-जाटूवास कच्चे रास्ते पर गांव कांधराण की रोही में स्थित एक खेत में बीती रात अज्ञात जनों ने नौ गायों की हत्या कर दी। अहिंसा दिवस जैसे मौके पर नौ गायों की बेरहमी से हत्या करने पर ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दौड़-धूप कर पांच जनों को घटना स्थल से करीब 25 किलोमीटर दूर दबोच लिया। इधर, गोकसी की सूचना पर नायब तहसीलदार ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। हमीरवास थानाप्रभारी ओमप्रकाश गोदारा के अनुसार शुक्रवार सुबह कांधराण गांव से सूचना मिली कि एक खेत में नौ गायों के क्षत विक्षिप्त शव, पैर व सिर कटे पड़ेहै।
उन्होंने बताया कि राजगढ थानाप्रभारी राजेंद्रसिंह बेनिवाल मय पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से जानकारी ली तो बताया कि दो दिन से फूलाराम के खेत में घुम्मकड़ पशुपालक अपने रेवड़ के साथ ठहरे हुए थे। रेवड़ में अन्य पशुओं के साथ गायें भी थी, जिन में से रात को नौ गायों की हत्या कर उनका मांस चमड़ा व हड्डियां किसी वाहन में डालकर भेज दिया तथा खुद सुबह यहां से अन्यत्र जगह चले गए। सीआई बेनिवाल ने वहां से खोज ढूंढते हुए घटनास्थल से करीब 25 किलोमीटर दूर सूरतपुरा गांव की रोही में उन्हें धर-दबोचा। उन्होंने बताया कि पांच जनों को हिरासत में लिया गया, जिनमें महिलाएं भी शामिल है। मृत गायों के शवों को पोस्टमार्टम करवाने के बाद उन्हें दफना दिया गया है।
दो खेतों में मिले गायों के शव
जाटूवास के रास्ते पर स्थित दो खेतों में नौ गायों क ी हत्या करने के बाद अर्ध विक्षिप्त शव पाए गए। पुलिस के अनुसार फूलाराम के खेत में सात तथा मनरूप के खेत में नौ गायों के शव मिड्ढले हैं। घटना की खबर तुरंत ही आस-पास के गांवों में फैल जाने पर दिनभर ग्रामीणों का वहां तांता लगा रहा।
अहिंसा दिवस जैसे मौके पर एक साथ गायों की हत्या करना दंडनीय एवं निंदनीय अपराध है। पुलिस जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए तुरंत कार्रवाई कर मामले का पर्दाफाश करे।
-उमेदमालू, जैन श्रावक
गोधन को बचाए जाने के लिए संपूर्ण समाज उनकी रक्षा के लिए लगा हुआ है। गोहत्या के दोषियों को कड़ा दंड मिलना चाहिए।
-बृजमोहन डोकवेवाला कोषाध्यक्ष, सिल्वर जुबली पिंजरा पोल(गोशाला)
गायों की हत्या करने की सूचना पर राजगढ़ थानाप्रभारी के सहयोग से पुलिस ने पांच जनों को सूरतपुरा गांव की रोही से हिरासत में ले लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।
-ओमप्रकाश गोदारा हमीरवास थानाप्रभारी
गायों की बेरहमी से हत्या करने पर समूचा हिंदू समाज स्तब्ध है। पुलिस को दोषी लोगों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। जिससे आगे ऐसा न हो।
-प्रहलादराय शर्मा, विहिप नेता
आठ गायों के सिर हरियाणा में मिले
पुलिस द्वारा इप्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों से की गई पूछताछ एवं जांच पड़ताल के दौरान आठ गायों के कटे हुए सिर हरियाणा के तोसाम जिला भिवानी इलाके में सड़क के किनारे पड़े मिले हैं। थानाप्रभारी ओमप्रकाश गोदारा ने बताया कि एक गाय का कटा हुआ सिर कांधराण गांव के मंदरूप जाट के खेत में मिला जबकि आठ गायों के सिर तोसाम इलाके में सड़क के किनारे अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले हैं।
कांधराण की रोही में नौ गायों की बेरहमी से हत्या करने के प्रकरण में पुलिस ने दो महिलाओं सहित छह जनों को गिरफ्तार किया है। थानाप्रभारी ओमप्रकाश गोदारा ने बताया कि राजू उर्फ निंबू, पांडू, पप्पू व सुल्तान पुत्रगण कालू उर्फ खेमाराम जाति बंजारा तथा संतोष पत्नी श्रवण, व केला देवी पत्नी पप्पू बंजारा को गायों की हत्या करने के प्रकरण में गिरफ्तार किया गया है। घटना को लेकर पुलिस थाना में कालरी ग्राम पंचायत सरपंच फूलाराम की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है।
चमड़ा, मांस व अस्थि पंजर नहीं मिले
घटनास्थल पर मृत गायों की भोजन नली, पैर तथा एक गाय का सर कटा हुआ मिला। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि घुमक्कड़ पशुपालकों के संबंध मांस विक्रेताओं से है तथा उन्होंने अहिंसा दिवस जैसे मौके पर जब पशु वध एवं मांस बिक्री पर प्रतिबंध होता है तब एक साथ नौ गायों की हत्या कर उनका मांस, चमड़ा व हड्डियां, बेच डाली।
चरवाहों ने दी सूचना
ढाणी के चरवाहों बंसीलाल, सुमेर व देबू आदि ने इन गायों के बारे में ग्रामीणों को सूचना दी। बंशीलाल व सुमेर ने बताया कि पिछले दो दिन से ये घुम्मकड़ पशुपालक फूलाराम के खेत में पशुओं के साथ डेरा डाले हुए थे। शुक्रवार सुबह जब हम अपने रेवड़ चरा रहे थे तब जहां उन लोगों ने डेरा डाले हुए था। उस जगह गायों के शव पड़े दिखाई दिए तो उन्होंने इसकी सूचना कांधराण के ग्रामीणों को दी।
टायरों के निशान मिले
जिस खेत में घुम्मकड़ पशुचालक ठहरे हुए थे वहां पर वाहनों के टायरों के ताजा निशान मिले हैं। निशानों को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मृत गायों का चमड़ा, मांस व हड्डियां संभवतया वाहन में डालकर ले जाया गया है।