बहादुरगढ़पैसों के लेन-देन को लेकर शुक्रवार को आसौदा में दो पक्षों के बीच घंटे भर गोलीबारी होती रही। जब गोलियां खत्म हुई तो दोनों पक्ष के लोग भागने लगे। इससे पहले गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति जख्मी हो गया। उसे पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर है।
आसौदा टोडराण के चिमनान पाने का यशवंत सुबह घर से कुछ ही दूर ऐतिहासिक दादा बूढ़े मंदिर से पूजा करके लौट रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ। बात बढ़ गई और दोनों पक्ष हथियार लेकर आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से रुक-रुक कर काफी देर तक गोलियां चलीं। इसमें बहराणा के रणबीर (32) को गोली लगी और वह मंदिर परिसर में ही गिर गया।
इस बीच जब गोलियां खत्म हो र्गई तो दूसरे पक्ष का यशवंत घर की तरफ दौड़ा, इस दौरान बाजू में गोली लगी। खून से लथपथ यशवंत कार भागा। पीछा कर कुछ लोगों ने उसकी कार के शीशे तोड़ दिए। किसी तरह से यशवंत रोहतक पीजीआई पहुंचा। इधर बहादुरगढ़ के सिविल अस्पताल ले जाते समय घायल रणबीर ने दम तोड़ दिया।
ठेकेदार रणबीर के भतीजे ने आरोप लगाया कि करीब पौने पांच लाख रुपए के हिसाब के लिए शुक्रवार सुबह उसे आसौदा बुलाया गया था। जहां पैसों के लेन-देन पर विवाद हुआ और यशवंत व उसके भाई यशपाल ने हमला बोल दिया। पुलिस ने यशवंत व उसके भाई पर मामला दर्ज कर लिया है।