भोपाल. पिछले महीने से गर्मी का दौर शुरू होने के साथ ही शहर में दूध और उससे बने उत्पादों की खपत खासी बढ़ गई है। इन दिनों दही, मठा, लस्सी, श्रीखंड आदि की जमकर बिक्री हो रही है। दूध का कारोबार करने वालों का कहना है कि गर्मी में एक तरफ जहां दूध उत्पादन में कमी आती है, वहीं उसकी खपत बढ़ जाती है।
फरवरी के मुकाबले अभी शहर में दूध की खपत करीब दोगुनी हो गई है। रोजाना करीब पांच लाख लीटर दूध बिक रहा है। उत्पादन कम होने के कारण फुटकर दूध बेचने वालों ने हाल ही में इसके भाव में 3 से 4 रुपए की वृद्धि कर दी है। कुछ दिन पहले ही शहर में दूध के मुख्य सप्लायर भोपाल सहकारी दुग्ध संघ ने भी भाव बढ़ा दिए थे।
न्यू मार्केट के दूध व्यवसायी पंकज डंग का कहना है कि मार्च से ही दूध की खपत लगातार बढ़ती जा रही है। अभी शादियों का सीजन चल रहा है, इससे इन दिनों दूध की पूर्ति करना मुश्किल हो गया है। सर्दी के मुकाबले अभी दूध की मांग 50 फीसदी से ज्यादा बढ़ गई है। शहर में अच्छी क्वालिटी का खुला दूध 27 रुपए लीटर बिक रहा है। अप्रैल के पहले हफ्ते में दूध का भाव 23-24 रुपए प्रति लीटर था। दूध की खपत बढ़ने का कारण दूध से बने उत्पादों की मांग में वृद्धि होना है। मिठाई दुकान के संचालक विजय अग्रवाल का कहना है कि अभी लस्सी की बिक्री दोगुनी हो गई है।
इन दिनों वे रोजाना करीब 150 मठा के पैकेट बेच रहे हैं। जबकि अप्रैल के पहले सप्ताह तक रोजाना मठा के सौ पैकेट्स की बिक्री होती थी। श्रीखंड के रोजाना करीब 60 पैकेट्स और दही के 50 पैकेट्स की बिक्री हो रही है, जो मार्च के मुकाबले दोगुनी है।