bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

पानी पर ‘आग’ की चेतावनी

इंदौर. शनिवार को मुख्यमंत्री के सामने महापौर पर विधानसभा-दो में कृत्रिम जलसंकट खड़ा करने का आरोप लगाने वाले मंत्री समर्थक रविवार को अफसरों से गुहार करने पहुंचे और चेतावनी दोहराई कि तीन दिन में समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो हम जनता के साथ सड़क पर मोर्चा खोल देंगे। ऐसे में जनता हिंसक हो जाए तो जवाबदारी हमारी नहीं होगी।

महापौर परिषद में बदलाव पर महापौर का विरोध कर रहे मंत्री गुट ने अब पानी को मुद्दा बनाया है। शुरुआत शनिवार विमानतल पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के सामने हुई। रविवार को संभागायुक्त बसंतप्रताप सिंह, आईजी अनिल कुमार, कलेक्टर विवेक अग्रवाल, एसपी अंशुमान यादव और निगम के अपर आयुक्त विवेक सिंह को ज्ञापन दिए।

आईजी और एसपी ने पानी के मुद्दे पर हम क्या मदद करें? कहकर टालने की कोशिश की तो पदाधिकारियों ने बताया जनता कभी भी हिंसक हो सकती है। इससे अवगत कराना हमारा फर्ज है। जनता सड़क पर उतरेगी तो हम साथ होंगे। संभागायुक्त, कलेक्टर और अपर आयुक्त ने समस्या के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।

‘मंत्रीजी के क्षेत्र में पानी नहीं’

ज्ञापन पढ़कर संभागायुक्त ने आश्चर्य जताया ‘मंत्रीजी के क्षेत्र में पानी नहीं!’ उन्हें बताया महापौर ने टैंकरों का डीजल भी बंद करवा दिया है जिससे वे शोपीस की तरह खड़े हैं। संभागायुक्त ने निगमायुक्त से बात कर जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।

प्रदेश पदाधिकारियों को भी बताया

यही शिकायत प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्रसिंह तोमर, संगठन महामंत्री माखन सिंह और सह संगठन मंत्री भगवतशरण माथुर को भी की है। पदाधिकारियों ने बताया मामला मंडल का है इसमें मंत्री का कोई लेना-देना नहीं। हम रमेश मेंदोला के नेतृत्व में मंडल स्तर पर लड़ाई लड़ रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: