bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

हादसे के बाद लाठियां चलीं

रायपुर. देवपुरी में गोदड़ी वाले बाबा धाम के सामने रविवार दोपहर 2 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार अनाज कारोबारी राजेश मेघानी (40) को चपेट में ले लिया। उन्होंने घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने वहां चक्काजाम कर दिया। इस दौरान उनकी ट्रांसपोर्टरों से जमकर झड़प हरुई। लाठियां भी भांजीं। झड़प में सिटी मजिस्ट्रेट सीएल यादव समेत आधा दर्जन लोगों को चोटें आईं है।

मृतक राजेश देवीपुरी इलाके के ही रहने वाले थे। दोपहर में वे बाइक लेकर रायपुर आने के लिए निकले थे, तभी ट्रक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मारी और भाग निकला। वे मोटरसाइकिल समेत दूर जा गिरे। बुरी तरह जख्मी कारोबारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर भीड़भाड़ कम होने की वजह से कोई ट्रक नंबर भी नोट नहीं कर पाया। राजेश को काफी देर तक किसी ने उठाया भी नहीं। उनका शव सड़क पर पड़ा रहा। बाद में किसी राहगीर ने फोन पर पुलिस को सूचना दी।

स्थानीय लोगों ने शव को पहचाना और फिर वहां भीड़ बढ़ने लगी। लगातार हादसों के विरोध में वे हाइवे पर ही धरना देने लगे। लोग आरोपी ट्रक चालक की तलाश करते हुए घटना स्थल के पास स्थित बस्तर-कोरापुर ट्रांसपोर्ट के दफ्तर पहुंच गए। बौखलाहट में ट्रांसपोर्ट वालों ने लाठी-डंडे से हमला शुरू कर दिया। जिससे वहां भगदड़ मच गई। लोगों ने भी लाठियां छीनकर ट्रांसपोर्टरो को पीटा।

झड़प के चपेट में जिला मजिस्ट्रेट समेत कुछ लोग आए। इनमें कुछ मीडियाकर्मी भी हैं। स्थिति पर नियंत्रण पाने पुलिस को लाठियां लहरानी पड़ीं। इस मामले में प्रशासन पर ढिलाई बरतने से गुस्साए लोगों ने चक्काजाम कर दिया। उनके इस प्रदर्शन को सिंधु युवा ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष यक्ष राजेश कुकरेजा, चैंबर अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी, आनंद कुकरेजा, सुनील कुकरेजा, संजीव अग्रवाल समेत सिंधु युवा ब्रिगेड के कई कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर समर्थन किया। उन्होंने ट्रांसपोर्ट दफ्तर को तत्काल हटाए जाने और घटना स्थल पर ब्रेकर बनाए जाने की मांग की। उनका कहना कि यह दफ्तर सरकारी जमीन पर बनाया गया है।

एडीएम एके टोप्पो आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। तीन घंटे तक घटना स्थल पर हंगामा चलता रहा। जाम की वजह से घटना स्थल के दोनों ओर वाहनों की तीन-चार किमी की लंबी कतार लगी रही। इसमें फंसे लोग गर्मी की वजह से हलाकान होते रहे। एएसपी ट्रैफिक जीएस ठाकुर, एएसपी क्राइम अजातशत्रु बहादुर सिंह, सीएसपी जीएस बांबरा समेत कई वरिष्ठ पुलिस अफसर अतिरिक्त फोर्स के साथ स्थित पर नजर रखे हुए थे।

कैमरे टूटे

हादसे के बाद हुई झड़प में मीडियाकर्मी भी आ गए। ट्रांसपोर्ट वालों ने फोटोग्राफरों के कैमरे छीन कर तोड़ डाले। भगदड़ में फंसे मीडियाकर्मियों के मोबाइल गिरने से टूट गए। दो-तीन मीडियाकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं।

हादसे में दो मामले कायम

घटना के विरोध में हंगामा और चक्काजाम करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ टिकरापारा थाने में जुर्म दर्ज किया गया है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इधर, अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ धारा 304ए के तहत जुर्म दर्ज कर पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है। हादसे में मारे गए कारोबारी राजेश मेघानी के दो बेटे हैं। पोस्टमार्टम के बाद आज शाम राजेंद्रनगर मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: