अजमेर.
स्वायत्त शासन विभाग के आदेश के बावजूद अजमेर नगर परिषद ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए 1 अरब 13 करोड़ 90 लाख रुपए का खयाली बजट बनाया है। पिछले वर्ष भी परिषद ने 1 अरब 12 करोड़ 9 लाख रुपए का बजट पारित किया था, लेकिन आय 40 करोड़ 84 लाख रुपए ही हो पाई थी।
परिषद द्वारा चालू वित्तीय वर्ष के लिए तैयार बजट में कई मद ऐसे हैं, जिनमें आय करोड़ों रुपए आंकी है, जबकि पिछले वर्ष उन मदों में आधी आय ही हुई थी। परिषद के पास स्वयं के आय के साधन सीमित हैं और सरकारी अनुदान ही आय का मुख्य साधन है।
न्यास के भी थे हवाई आंकड़े
मालूम हो कि पिछले वर्ष नगर सुधार न्यास ने दो अरब रुपए का बजट पारित किया था, लेकिन नगरीय विकास विभाग ने खयाली बजट मानते हुए 87 करोड़ रुपए कम कर दिए थे।
विभाग ने दिए थे निर्देश
स्वायत्त शासन विभाग ने कुछ माह पहले निकायों को वास्तविक बजट बनाने के निर्देश दिए थे। विभाग का तर्क था कि अधिक बजट से विकास कार्यो को लेकर नागरिकों की अपेक्षाएं बढ़ जाती हैं, लेकिन आय नहीं होने से कार्य नहीं हो पाते और सरकार की साख खराब होती है।