News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. ग्राम सुराज अभियान में शासन-प्रशासन का पूरा अमला लगा रहेगा। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य गांव की गलियों को छान मारेंगे। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह अभियान के 9 दिन के दौरान 27 गांवों में उतरेंगे। इन गांवों का चयन वे खुद हेलिकाप्टर उड़ने के बाद करेंगे। सभी जिलों में ग्राम सुराज अभियान दल का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री जिन गांवों में उतरेंगे, लोगों की शिकायत सुनेंगे। गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अफसरों के खिलाफ कार्रवाई में भी देर नहीं की जाएगी। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री रोज दो जिलों के गांवों में हेलिकाप्टर से उतरेंगे। उनके साथ मुख्य सचिव शिवराज सिंह, प्रमुख सचिव विवेक ढांड भी रहेंगे।
अभियान के दौरान 9820 ग्राम पंचायतों के 20 हजार गांवों में प्रशासनिक अमले के पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। विधानसभा चुनाव के पहले यह अंतिम ग्राम सुराज अभियान है, इस कारण सरकार कार्रवाई करने में देर नहीं करेगी। पूरे अभियान के दौरान बिजली, पानी, सड़क, स्कूल, चिकित्सा सुविधा, खाद-बीज वितरण, सिंचाई प्रबंधन और राशन दुकानों की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी।
गरीबों को तीन रुपए किलो में चावल देने की योजना पर पूरी सरकार की विशेष निगाह रहेगी। मुख्यमंत्री डा. सिंह खुद इस योजना के क्रियान्वयन पर विशेष जोर दे रहे हैं। रमन सरकार का यह चुनावी दांव है, इसलिए लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सभी ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों और जिला पंचायतों के पदाधिकारियों से इस अभियान में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने जनता के नाम अपील भी जारी की है। वे आम लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की उम्मीद कर रहे हैं। सभी समस्याओं पर ग्रामीणों से खुलकर अपनी बातें रखने का आग्रह मुख्यमंत्री ने किया है।