News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़मुख्यमंत्री के बेटे दीपेंद्र हुड्डा का मानना है कि उपचुनावों में सरकार की जनहित योजनाओं का पार्टी को खूब फायदा मिलेगा। वे कहते हैं कि गरीबों को 100 गज के फ्री प्लाट देने की योजना कांग्रेस सरकार की सोच है। विपक्ष दुष्प्रचार कर रहा है कि ये प्लाट नहीं मिलेंगे। वे बोले जब फसल हमने बोई है तो लामणी (कटाई) भी हम ही करेंगे। दीपेंद्र विभिन्न मुददों पर भास्कर से बातचीत कर रहे थे।
बेइज्जत करना हमारे खून में नहीं :
मुख्यमंत्री की अफसरशाही पर कमजोर पकड़ के आरोपों पर दीपेंद्र कहते हैं-जो ऐसा सोचते हैं, वे भोले हैं और उनको सच का अहसास नहीं हैं। मुख्यमंत्री नरम जरूर हैं, लेकिन जनता के लिए। अफसरों या गलत लोगों के लिए तो गरम ही हैं। किसी को बेइज्जत करने के न तो हमारे संस्कार हैं और न ही यह हमारे खून में है। यमुनानगर थर्मल पावर प्लांट बनाने की सोच 70 के दशक की सरकारों की है। पर हमने इसे शुरू किया और पूरा भी किया।
तीनों उपचुनाव में जीत का दावा :
उपचुनावों के बारे में दीपेंद्र हुडडा कहते हैं कि ये तीनों ही हम जीतेंगे। आदमपुर भी? बिल्कुल। अब हालात पहले वाले नहीं है और वहां जनता को समझ में आ चुका है कि उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ होता रहा है।
..सत्ता में दखल देना मेरा काम नहीं :
सत्ता में दखल देना मेरा काम नहीं है। मेरी संवैधानिक जिम्मेवारी मेरा संसदीय क्षेत्र है और इसी के लिए काम करने का जनादेश मुझे मिला है। इससे फालतू मेरा ब्यौत (क्षमता) भी नहीं है।
..बेरोजगारी बेचैन करती है :
क्या चीज आपको बेचैन करती है? बेरोजगारी। मैं बेबाक बात कहने का आदी हूं। सच कहूं, जब मैं काबिल और पढे-लिखे युवाओं को बेरोजगार देखता हूं तो व्यथित हो जाता हूं। मौजूदा सरकार ने क्रांतिकारी बदलावों के लिए पहल की है और इसके बेहतर रिजल्ट आएंगे।
..फिलहाल शादी का ख्याल नहीं :
आप युवा हैं, सांसद भी और मुख्यमंत्री के बेटे भी, शादी के बारे में क्या ख्याल है? मुस्कराते हुए, अभी तो जनसेवा का ही ख्याल है। जहां तक शादी का सवाल है तो इसका जवाब तो भविष्य के गर्भ में है।
राहुल युवाओं के लिए आदर्श :
राहुल गांधी को पीएम प्रोजेक्ट करने के विभिन्न नेताओं के बयानों पर दीपेंद्र बोले-राहुल गांधी भविष्य की आशाओं के प्रतीक है। देश के युवाओं के लिए वे आदर्श हैं। लेकिन यह भी सही है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपनी नीतियों से भारत का नाम बुलंद किया है।
समय पर होंगे लोकसभा चुनाव :
लोकसभा चुनावों की बाबत दीपेंद्र की राय है कि यह समय पर ही होंगे और यूपीए गठबंधन फिर से केंद्र में सरकार बनाएगा। वह कहते हैं कि महंगाई से निपटने के लिए सरकार ने कई कड़े फैसले किए हैं, उम्मीद है जल्द ही इस पर काबू पा लिया जाएगा।
..ऐसा पहले तो नहीं हुआ था :
सांसद के तौर पर अपने कार्यकाल की बाबत वे कहते हैं कि बताने के लिए काफी कुछ ऐसा है जो रोहतक संसदीय क्षेत्र की जनता के लिए पहले कभी नहीं हुआ था। रोहतक-दिल्ली रेल मार्ग का विद्युतीकरण की बात पिछले 30 साल से हो रही थी, लेकिन सिरे अब चढा है। पहले रोहतक संसदीय क्षेत्र में सिर्फ एक रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) था। हमने सिर्फ ढाई साल में ही दस आरओबी मंजूर करवाए, जिसमें से छह पर काम चल रहा है।
रोहतक-दिल्ली हाईवे की सिक्स लेनिंग,पानीपत-गोहाना-झज्जर-रिवाड़ी की फोरलेनिंग,रोहतक-झज्जर-रिवाड़ी मार्ग का सुधारीकरण हो गया। झाज्जर जिले में 1500 और 1200 मैगावाट क्षमता के एनटीपीसी के दो पावर प्रौजेक्टों की मंजूरी समेत ऐसे कई काम हैं जिससे रोहतक संसदीय क्षेत्र का तीव्र विकास होगा।