सिडनी. नियमित रूप से चाय पीने से स्वास्थ्य संबंधी कई लाभ मिलते हैं, लेकिन ताजा अध्ययन से पता चला है कि चाय हड्डियों को मजबूत बनाने में भी सहायक होती है। ऑस्ट्रेलिया के शोधकर्ताओं ने यह निष्कर्ष निकाला है।
पर्थ के स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने 70 से 85 वर्ष की 275 महिलाओं पर एक अध्ययन किया और पाया कि जो महिला चाय पीती थीं, उनकी कूल्हे की हड्डी की सघनता ज्यादा थी और चाय नहीं पीने वाली महिलाओं की तुलना में उनमें हड्डी का नुकसान कम पाया गया।
कैल्शियम सप्लीमेंट्स और ऑस्टीओपोरोसिस (हड्डियों के गलकर टूटने की बीमारी) पर पांच वर्षों तक किए गए अध्ययन के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया है। पर्थ स्थित वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया विश्वविद्यालय के आमंडा डेविन के नेतृत्व में शोधकर्ताओं ने अध्ययन के शुरू में कूल्हे पर हड्डी की सघनता और अध्ययन के अंत में सघनता की माप की। साथ ही साथ महिलाओं द्वारा काली और हरी चाय को पीने की मात्रा के बारे में भी रिकॉर्ड रखा गया। यद्यपि इस अध्ययन में हड्डियों में खनिज की सघनता और प्रतिदिन चाय की कप के बीच कोई संबंध स्थापित नहीं किया जा सका।
इसमें पाया गया कि चाय पीने वाली महिलाओं में चाय नहीं पीने वाली महिलाओं की तुलना में कूल्हे पर हड्डी की सघनता ज्यादा पाई गई। यह रिपोर्ट स्वास्थ्य पत्रिका बेबएमडी के ऑनलाइन संस्करण में प्रकाशित की गई है।
अध्ययन में यह भी पाया गया कि चार वर्ष के दौरान चाय नहीं पीने वाली महिलाओं की तुलना में चाय पीने वाली महिलाओं में हड्डी की सघनता का नुकसान भी काफी कम हुआ।