मुंबई. महाराष्ट्र में करीब एक साल बाद विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में अंदरूनी तनाव और मतभेद सामने आने लगे हैं और संगठन के नेताओं से नाराज भाजपा नेता और प्रवक्ता गोपीनाथ मुंडे ने रविवार को इस्तीफा दे दिया।
विभिन्न स्रोतों से मिली खबरों के मुताबिक महासचिव और संगठन के अन्य पदों से इस्तीफा देने के बाद मुंडे को कॉर्पोरेटरों का समर्थन भी मिल रहा है और करीब 16 कॉर्पोरेटरों ने भी इस्तीफे की पेशकश कर दी है। बताया जा रहा है कि मुंडे और महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के बीच मतभेद चल रहे हैं और इसी कारण से यह घटनाक्रम सामने आया है।
दूसरी ओर, भाजपा के महासचिव अरुण जेटली ने कहा है कि यह संगठन का अंदरूनी मामला है और हाईकमान को अभी इस्तीफा नहीं मिला है। जेटली ने मामले को बातचीत से सुलझा लिए जाने का भरोसा जताया है। वहीं, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष ने मुंडे का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है।
मुंडे ने कहा है कि वे संगठन में सभी पद छोड़ रहे हैं क्योंकि पार्टी लोकतांत्रिक आधार पर नहीं चल रही है जिससे उन्हें काफी कष्ट हो रहा है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में पार्टी अध्यक्ष के लिए मुंडे खुद दावेदार थे लेकिन पार्टी ने गडकरी को इस पद से नवाजा है और हाईकमान की इस पसंद से मुंडे काफी नाराज हैं।