जयपुर. ब्रम्हापुरी इलाके में रेवती चौक के वीर हनुमान मंदिर के पास सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक आदतन अपराधी की पिटाई कर उसकी शराब बिक्री की थड़ी को हटा दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची स्थानीय पार्षद उमा शर्मा व ब्रम्हापुरी थानाधिकारी का नाराज लोगों ने घेराव कर अपराधी को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस व स्थानीय लोगों के मुताबिक आदतन अपराधी राजेश धोबी व उसके भाई गिरीश धोबी ने अपने कुछ साथियों के साथ गेटोर रोड पर रविवार देर रात शराब के नशे में हुड़दंग मचाया। लोगों ने इकट्ठा होकर इसका विरोध किया। इस पर राजेश भाग गया, जबकि गिरीश की लोगों ने पिटाई कर दी।
सूचना पर पहुंची ब्रम्हापुरी पुलिस ने गिरीश को लोगों से बचाया और पकड़कर ले गई।गिरीश ने पुलिस को अपने घर के बारे में गलत जानकारी दी और देर रात करीब 2 बजे पुलिसकर्मियों को लेकर रेवती चौक पर रिटायर्ड रेलवे अधिकारी पद्माकर पंड्या के घर ले गया। पंड्या ने पुलिस को बताया कि गिरीश व राजेश रेवती चौक पर दुकान की आड़ में ये शराब का अवैध धंधा करते हैं। इस सूचना पर पुलिस गिरीश को लेकर पंड्या के घर से लौट गई।
सोमवार सुबह राजेश मोहल्ले में आकर गाली-गलौज करने लगा और देख लेने की धमकी दी। इससे नाराज लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। लोगों ने ब्रrापुरी थानाधिकारी सुरेश सांवरिया व पार्षद उमा शर्मा को मौके पर बुलाया। पार्षद व थानाधिकारी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया।
और चिनवा दिया चबूतरा
रेवती चौक पर हनुमान मंदिर के सामने बरगद के नीचे चबूतरे को भी लोगों ने चिनवा दिया। मंदिर के पुजारी अंबुज भट्ट, पवन पारीक, भंवर सिंह सोलंकी आदि ने बताया कि इस चबूतरे पर समाजकंटकों का जमावड़ा लगा रहता था। यहां बैठकर ये राहगीरों व महिलाओं को परेशान करते हैं।