भोपाल. अयोध्या नगर बाइपास रोड पर सोमवार की सुबह एक कालेज बस ड्राइवर की लापरवाही के कारण सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस में सवार कालेज के 20 छात्र-छात्राएं घायल हो गए। जिसमें नौ को इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में करीब 45 लोग सवार थे। नशे में धुत ड्राइवर घटना के बाद बस छोड़कर भाग गया।
पुलिस के मुताबिक अयोध्या नगर बाइपास पर कम्फर्ट पार्क के सामने ट्रक नंबर एमपी04/केसी/2135 पंक्चर होने के कारण रात से ही सड़क किनारे खड़ा था। सोमवार की सुबह करीब पौने दस बजे सागर इंस्टीट्यूट की बस नंबर एमपी04/एच/7189 छात्र-छात्राओं के लेकर आनंद नगर की ओर से कालेज जा रही थी।
बस में छात्र-छात्राओं सहित करीब 40 लोग थे। ड्राइवर नशे में था, जिस कारण उसका बस से संतुलन बिगड़ा और वह ट्रक के पिछले हिस्से में टकरा गई। टक्कर से बस क्षतिग्रस्त हो गई और 20 छात्र-छात्राओं को चोट आई हैं। उन्हें तुरंत बस से निकालकर बाइपास रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया।
जहां पूजा श्रीवास्तव, शिखा, हरिओम, पीयूस, नीलम, रश्मि बिष्ट, मोहनी श्रीवास्तव, पूर्वा, अभिनव और डोयला को भर्ती कराया गया। बाद में तुलसी नगर निवासी रश्मि बिष्ट और शिवाजी नगर निवासी मोहनी श्रीवास्तव को अरेरा कालोनी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।