शाजापुर. ‘मैं घपलेबाजी चलने नहीं दूंगा..। यदि गेहूं अच्छी क्वालिटी का है तो वह ११00 रुपए क्विंटल में ही बिकेगा, गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करूंगा। अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने से नहीं हिचकूंगा। पाला प्रभावित फसलों का मुआवजा किसानों को बराबर मिलेगा। अधिकारी समझ लें कि मैं कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करूंगा’। ये शब्द शाजापुर कृषि उपज मंडी का अचानक निरीक्षण करने आए सीएम शिवराजसिंह चौहान ने कहे।
सोमवार दोपहर ठीक डेढ़ बजे श्री चौहान का उड़नखटोला मंडी भवन के पीछे खाली पड़े मैदान में उतरा। जैसे ही अधिकारियों को इसकी भनक लगी वे मंडी की तरफ दौड़े। हेलिकॉप्टर से उतरते ही श्री चौहान ने किसानों से मंडी में जाने का रास्ता पूछा। जिपं सीईओ की स्कार्पियो में बैठकर वे सीधे मंडी पहुंचे और समर्थन मूल्य पर खरीदे जा रहे कांटे के पास खड़े हो गए। गेहूं तौल रहे तुलावटी से उन्होंने कई सवाल किए। इसके बाद किसानों की बात सुनने लगे।
ग्राम खलखली के किसान ईश्वरसिंह ने सीएम को पीड़ा सुनाई कि व्यापारी ने उसका गेहूं सिर्फ ९क्क् रुपए क्विंटल में लिया है और समर्थन मूल्य पर खरीदने वाली कंपनी ने गेहूं खरीदने से मना कर दिया। यह सुन श्री चौहान के तेवर तीखे हो गए और उन्होंने कलेक्टर राजेंद्र शर्मा को निर्देश दिए कि जिसने कम भाव में गेहूं खरीदा है उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराओ। एक महिला तेजूबाई ने भी कम दाम में गेहूं खरीदे जाने की बात कही।
श्री चौहान किसानों की बातों को सुनकर अधिकारियों पर जमकर गुस्साए। उन्होंने कहा कि ‘यदि अच्छी क्वालिटी का गेहूं है तो वह कम दाम में बिल्कुल नहीं खरीदा जाएगा। प्रदेश की जनता को अब लाल गेहूं नहीं खिलाना है। अच्छा गेहूं खरीदेंगे और गरीबों को अच्छा गेहूं भी खाने को देंगे क्योंकि गरीब लाल गेहूं खा खाकर बीमार हो गया है’।
मंडी में इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों पर अनाज नहीं तुलता देख सीएम ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि इन कांटों पर ही अनाज तौला जाए, इसके लिए वे खुद मॉनीटनिंग करें। जिन किसानों को मुआवजा राशि के चेक नहीं मिले हैं उन्होंने सीएम से इसकी शिकायत की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्रसिंह तोमर भी उनके साथ थे। करीब एक घंटा रुकने के बाद हेलिकॉप्टर अन्य स्थान की ओर रवाना हो गया।
‘मैं तो प्रदेशभर की मंडियों में घूम रहा हूं’
पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री चौहान ने कहा कि किसान का गेहूं ११क्क् रुपए क्विंटल से कम में न बिके इसके लिए में खुद प्रदेशभर की मंडियों में घूम रहा हूं और कोताही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा हूं। प्रदेशभर की अन्य मंडियों में भी जाऊंगा। किसानों को उसकी उपज का पैसा तत्काल मिले यह भी व्यवस्था होगी।