इंदौर. आसाराम बापू चौराहे के पास बाइक सवार नवदंपति व उनकी भानजी को पीछे से आ रहे ट्राले ने सोमवार सुबह टक्कर मारकर कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वे बीमार दादी की तबीयत देखने रतलाम जाने के लिए घर से निकले थे।
नानकनगर निवासी मुकेश लक्ष्मीनारायण पाल (27) पत्नी मोनिका और भांजी श्वेता (13) के साथ बाइक (एमपी 09-एमई-1992) से रेलवे स्टेशन जा रहे थे। वहां से रतलाम की ट्रेन पकड़ना थी। वे आसाराम बापू चौराहे पर पहुंचते उससे पहले ही पीछे से आए ट्राले (एमपी 09-7281) ने जोरदार टक्कर मारी और रौंदते हुए भाग निकला। राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
इस बीच एक व्यक्ति ने मुकेश के कपड़ों से मिले मोबाइल से फोन लगाकर मामा विष्णु पाल को खबर दी। वे तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें एमवाय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने फरार ट्राला चालक पर प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की।
पूरे परिवार का था सहारा
मुकेश के परिजन ने बताया वह सांघी मोटर्स में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। 3 दिसंबर 2007 को ही बाणगंगा निवासी मोनिका से शादी हुई थी। स्कूल की छुट्टियां होने से उसकी बहन माया व भांजी श्वेता भी नानकनगर में ही थी। श्वेता के पिता संजू निवासी बड़ी ग्वालटोली ने बताया वह बचपन से ही मुकेश के साथ रहती थी इसलिए आपस में बड़ा लगाव था।
मुकेश की दादी गंगाबाई रतलाम में काफी दिनों से बीमार है। सोमवार सुबह मुकेश पत्नी के साथ उनसे मिलने के लिए निकला तो श्वेता भी साथ हो ली। मुकेश के पिता का निधन काफी पहले हो गया था। तब से वह मां व छोटे भाई राकेश और बबलू का पालन-पोषण कर रहा था। कुछ समय पहले भाइयों की नौकरी एक कोरियर कंपनी में लगवाई थी।