जयपुर/अजमेर.
देश के 20 नए प्रमुख पर्यटन स्थलों में राजस्थान के अजमेर को शामिल किया गया है। बेहतर पर्यटक सुविधाओं के लिए यहां 25 करोड़ रु. खर्च किए जाएंगे। केंद्रीय पर्यटन मंत्री अंबिका सोनी ने सोमवार को यहां पत्रकारों को बताया कि इन प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाओं के लिए तीन साल में 500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
पहले चरण में 25-25 करोड़ रु. खर्च किए जाएंगे। अगले चरण में 50-50 करोड़ रु. खर्च होंगे। इस संबंध में राज्यों को भूमि बैंक बनाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि होटलों व अन्य पर्यटन गतिविधियों के लिए जमीन उपलब्ध कराई जा सके। विकास कार्य पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत होंगे।
चयनित प्रमुख पर्यटन स्थल
पर्यटन मंत्रालय द्वारा चयनित पर्यटन स्थलों में अजमेर, बोधगया, फतहपुर सीकरी, आगरा, हम्पी, बनारस, द्वारका, गंगा हेरिटेज, औरंगाबाद, महाबलीपुरम आदि हैं।
पर्यटन सर्किट बनेंगे
प्रमुख 20 पर्यटन स्थलों को पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें आगरा, हम्पी, बनारस, द्वारका व गंगा हेरिटेज पहले, अजमेर, बोधगया, फतहपुर सीकरी दूसरे तथा औरंगाबाद व महाबलीपुरम तीसरे सर्किट के रूप में विकसित होगा।
ये होंगी बेहतर सुविधाएं
इन पर्यटन स्थलों पर पार्किग, यातायात व्यवस्था, कन्वेंशन सेंटर, सेनिटेशन, डोरमेट्रीज का काम होगा। प्रमुख बाजार भी विकसित किए जाएंगे। जहां पर्यटक आराम से खरीदारी कर सकें । इससे लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
बजट होटलों को प्रोत्साहन
इन जगहों पर बेहतर होटल व्यवस्था के लिए होटल समूहों को आमंत्रित किया जा रहा है। इसके लिए राज्य सरकार से जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बजट होटलों को प्रोत्साहन देने के लिए अलग से योजना तैयार की जा रही है।
स्पेशल ट्रेन और हवाई सेवाएं शुरू करने की योजना
इन पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ने के लिए केंद्र सरकार स्पेशल ट्रेन और हवाई सेवाएं शुरू करने की योजना बना रही है। इसके लिए पर्यटन मंत्रालय ने रेलवे बोर्ड और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से भी संपर्क किया है।
प्रथम चरण में होने वाले कार्य
1- पर्यटन स्वागत केंद्र, केइएम में रेल, हवाई और रोडवेज रिजर्वेशन व सूचना केंद्र, कॉफी बार, लॉकर रूम, बाथरूम 0.80 लाख
2- पर्यटक और हेरिटेज स्थलों पर स्ट्रीट फर्नीचर की व्यवस्था 1 करोड़
3- रामप्रसाद घाट और पृथ्वीराज स्मारक पर जन सुविधाओं का निर्माण 0.50 लाख
4- अजमेर -पुष्कर घाटी क्षेत्र के पैदल मार्ग की मरम्मत, रेलिंग और नवीनीकरण 1 करोड़
5- अकबरी किले की मरम्मत, नवीनीकरण विकास कार्य (लाइट, साउंड, पार्किग) 5 करोड़
6- तारागढ़ पर सुविधाओं का विकास 1.15 करोड़
7- आंतेड़ की छतरियों का विकास और नवीनीकरण कार्य 0.25 लाख
8- सुभाष उद्यान में ट्रेक, फव्वारे व अन्य कार्य 2 करोड़
9 -अजयपाल में सुविधाएं और मार्ग 2.50 करोड़
पुष्कर में होने वाले कार्य
कार्य ---------- राशि
1- मेला ग्राउंड में गेट, पार्किग बाउंड्रीवाल, स्टेज शेड, पेयजल,लाइट व्यवस्था और प्रशासनिक ब्लॉक -- 250 लाख
2 -पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए तीर्थस्थलों पर सुविधाएं -- 80 लाख
3 -परिक्रमा मार्ग के साथ हेरिटेज मार्ग (7 किलोमीटर)-- 102.50 लाख
4- पुष्कर घाट से हनुमान मंदिर तिराहा जंक्शन (रामधाम) तक विद्युत पोल -- 151.50 लाख
5- बैजनाथ मंदिर (खोरी),भभूतेश्वर महादेव (नंद शिवलिंग) कानाबाय मंदिर (सूरज कुंड) में जन सुविधाएं व निर्माण -- 151.50 लाख
6- ब्रम्हा मंदिर और मेला ग्राउंड तक वैकल्पिक मार्ग (वाया गुरुद्वारा, परिक्रमा मार्ग, संतोषी माता मंदिर, कपिलेश्वर महादेव)-- 302 लाख