News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी का 25 अप्रैल को छत्तीसगढ़ प्रवास तय हो गया है। वे 26 की शाम तक रहेंगे। इन दो दिनों में उनके कुछ कार्यक्रमों का खुलासा तो हुआ है, लेकिन गांवों में आदिवासियों की चर्चा को गोपनीय रखा गया है। युवक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत ने आज यहां संयुक्त पत्रकारवार्ता में बताया कि राहुल 25 अप्रैल को दोपहर बाद कांकेर पहुंच जाएंगे। वे शाम को जगदलपुर में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं की क्लास लगाएंगे। वे गांव जाकर आदिवासियों के बीच कुछ समय बिताएंगे।
श्री गांधी आदिवासी संस्कृति, कला व जीवनशैली को करीब से देखना - जानना चाहते हैं। वे किस गांव में जाएंगे और रात कहां गुजारेंगे, इसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को भी नहीं है।
26 अप्रैल के भी पूरे कार्यक्रमों का खुलासा नहीं किया गया है। इतना जरुर बताया गया है कि जगदलपुर में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करेंगे और दोपहर 3.30 बजे प्रेस से चर्चा करेंगे। श्री तंवर ने कहा कि एसपीजी ने श्री गांधी का कार्यक्रम गोपनीय रखा है। वैसे, माना जा रहा है कि अपने लंबे प्रवास के दौरान वे सरगुजा के किसी गांव में भी उतरेंगे।
झारखंड नहीं जाएंगे
राहुल गांधी का झारखंड दौरा स्थगित हो गया है। अब वे 26 अप्रैल की शाम को बस्तर से मध्यप्रदेश के झाबुआ, मंडला के लिए रवाना होंगे।
ट्राइबल टूर व भारत खोज साथ - साथ
युकां के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक तंवर ने बताया कि राहुल गांधी का ट्राइबल टूर और भारत खोज अभियान साथ - साथ चलेगा। उड़ीसा, कर्नाटक व बुंदेलखंड में भी राहुल ने ऐसा ही किया था।
पीसीसी की राय
श्री महंत ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस राहुल गांधी को उन स्थानों पर ले जाना चाहती है, जहां दो दशक पहले पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी गए थे। राहुल भी वहां जाने को लेकर उत्साहित हैं। एसपीजी की अनुमति मिली तो वे उन गांवों में जरूर जाएंगे, फिलहाल कुछ कहां नहीं जा सकता।
पीसीसी ने कोरिया, सरगुजा, रायगढ़, जशपुर व कोरबा के आदिवासी इलाकों में राहुल गांधी के दौरे की राय दी है। बताया गया है कि एसपीजी ने दंतेवाड़ा जाने की अनुमति नहीं दी है। प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार नहीं चाहती कि राहुल गांधी छत्तीसगढ़ आएं। श्री महंत ने कहा कि सरकार सहयोग नहीं कर रही।