HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

रमन सरकार का होगा रोड शो

रायपुर. मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की प्रस्तावित विकास यात्रा का विस्तार करते हुए इसमें सभी मंत्रियों को शामिल कर लिया गया है। मुख्यमंत्री अब सभी जिलों के विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे और प्रभारी मंत्री अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में रोड शो करेंगे।

पूरी योजना का स्वरूप इस तरह तैयार किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री करीब 50 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे। मंत्रियों के रोड शो को मिलाकर सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में सरकार दस्तक देगी। इसमें मुख्यमंत्री प्रमुख स्थानों पर रोज दो से तीन बड़ी सभा को संबोधित करेंगे। तैयारी की जा रही है कि चार से पांच बड़ी सभा में राष्ट्रीय नेताओं को बुलाया जाए। सभा के दौरान ही मुख्यमंत्री, मंत्री सड़क पर निकलेंगे और लोगों से रूबरू होंगे।

फिलहाल रमन सरकार ग्राम सुराज अभियान में व्यस्त है। 30 अप्रैल तक यह अभियान चलेगा। इस कारण रोड शो की तारीख तय नहीं की गई है। संकेत हैं कि रोड शो मई के दूसरे सप्ताह में शुरू किया जाएगा। इसे 15 दिनों में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो जून के प्रथम सप्ताह तक इस यात्रा को चलाया जा सकता है। रोड शो की योजना ग्राम सुराज से भी बड़ी तैयारी के साथ होगी। यही वजह है कि ग्राम सुराज से लौटने के बाद मुख्यमंत्री इसकी तैयारियों में भिड़ रहे हैं। रात को वे अफसरों के साथ बैठकर योजना का खाका तैयार करने में लगे हैं। रोड शो का प्रमुख उद्देश्य यही बताना होगा कि सरकार आम लोगों के दरवाजे में है। हालांकि प्रशासनिक अमला ग्राम सुराज अभियान के दौरान गांव-गांव पहुंच रहा है लेकिन हर जगह सरकार के नुमाइंदे नहीं पहुंच पा रहे हैं।

इस कारण योजना ऐसी तैयार की जा रही है कि पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री और मंत्री किसी जगह पहुंचे और लोगों की बातें सुनें। इस दौरान लोगों की शिकायतों को दूर करने के लिए त्वरित पहल करने की भी योजना है। शिकायतों और मांगों के स्वरूप को देखते हुए सरकार तत्काल निर्णय लेगी। इसके जरिए संदेश देने का प्रयास होगा कि सरकार आपके द्वार तक आई है और समस्याओं के निराकरण के प्रति पूरी तरह गंभीर है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: