जयपुर. सोढाला के सुशीलपुरा में मंगलवार रात दो परिवारों में हुए झगड़े में एक वृद्घ की मौत हो गई व दस अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार दो परिवारों के बच्चों में रात 10 बजे आपसी कहासुनी हुई, जिसमें बड़े भी शामिल हो गए। बाद में दोनों पक्षों के बीच लाठियां व पत्थर चलने से एक पक्ष के लक्ष्मण यादव (65) व दूसरे पक्ष के छह लोग घायल हो गए। लक्ष्मण को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात को उसकी मौत हो गई।
दूसरे पक्ष के छह लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में कालू यादव (30), राकेश यादव (17), छोटेलाल (35), मुकेश (16), हरिनारायण (22) और पिंटू (23) शामिल हैं। घटना के बाद सुशीलपुरा में पुलिस तैनात कर दी गई। देर रात तक किसी भी पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।
दोनों परिवार पहले थाने में और बाद में अस्पताल जाकर झगड़े। पहले घायल वृद्ध को एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया था जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बाद में लाश को पुलिस ने सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल वृद्ध की हत्या का मामला दर्ज नहीं किया गया है। यह मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही तय हो पाएगा कि मामला हत्या का है या मौत का।