जालंधर.कपैरो पीटीयू स्कूल ऑफ मैन्यूफैक्चरिंग एंड मैटीरियल टैक्नोलॉजी स्कूल में हंगामा रुकने का नाम नहीं ले रहा है। स्टूडैंट्स ने कपैरो के सीइओ विनय शुकला से मंगलवार शाम तक मीटिंग की मांग की थी लेकिन वह नहीं आए जिस कारण स्टूडैंट्स स्ट्राइक पर बैठ गए हैं।
स्टूडैंट्स ने बताया कि मैनेजमैंट से उन्होंने सीईओ से मिलवाने के लिए कहा था लेकिन वह इंस्टीच्यूट में नहीं पहुंचे। उनका कहना है कि जब तक कोई उच्च अधिकारी आकर उन्हें आश्वासन नहीं दे देता तब तक वह स्ट्राइक पर रहेंगे। वह हॉस्टल में भी नहीं जाएंगे और रात इंस्टीच्यूट में ही काटेंगे। उन्होंने बताया कि पीटीयू प्रबंधन ने उन्हें 15 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया था जिसमें प्रबंधन स्टूडैंट्स को आरही प्रॉब्लम्स को दूर करेगा लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया है।
वैबसाइट में कपैरो का नाम नहीं
स्टूडैंट्स ने बताया कि कपैरो इंजीनियरिंग स्कूल की कोई बैवसाइट भी अभी तक नहीं बनी है और न ही पीटीयू के प्रॉसपैक्ट्स में कपैरो का नाम है। इस कारण उनके में यह शंका पैदा हो रही है कि ये स्कूल चलेगा भी या बंद हो जाएगा। वहीं अगले सैशन के लिए कपैरो में एडमिशन्स भी नहीं हो रही हैं।
मैनेजमैंट ने यहां सुविधाएं न होने की वजह से स्टूडैंट्स को एडमिशन के लिए मना कर दिया है। स्टूडैंट्स ने बताया कि उन्हें यहां पर वल्र्ड क्लास लैवल की सुविधाएं देने को कहा गया था लेकिन इसके नाम पर उनके साथ धोखा हुआ है। यहां पर न तो पढ़ाने के लिए प्रॉपर स्टाफ है और न ही लैब्स की सुविधाएं हैं।
स्टूडैंट्स का भविष्य अधर में
स्कूल के स्टूडैंट्स को यह चिंता सता रही है कि उनके भविष्य का क्या होगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने यहां पर कपैरो के नाम से एडमिशन ली थी न कि पीटीयू के कारण वह यहां आए थे। अब उन्हें यह भी पता नहीं चल रहा है कि कपैरो प्रबंधन इसे चलाएगा या पीछे हट जाएगा। स्कूल में एआईईईई, सीईटी के टॉपर पढ़ाई कर रहे हैं लेकिन उन्हें अपना भविष्य सुरक्षित नजर नहीं आ रहा है।