फतेहाबादनए बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास सोमवार आधी रात को शहर पुलिस के हेड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सात अपराधी किसी वारदात को अंजाम देने के मकसद से आए थे। हेड कांस्टेबल सरजंट सिंह ने इन्हें पकड़ने की कोशिश की।
इस दौरान इनमें से एक ने उसे गोली मार दी। पुलिस ने मौके पर ही पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो भागने में सफल रहे। पुलिस ने इनके द्वारा प्रयुक्त गाड़ी भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक फरार दो लोगों में कुरसोल (जींद) के अशोक कुमार एवं संदीप कुमार हैं।
गिरफ्तार किए गए पांच युवकों की शिनाख्त कुरसोल के ही रविंद्र फौजी, अजमेर सिंह, पवन कुमार, मोनू (मरहेड़ा) और जयदीप (रिढ़ाना, सोनीपत) के रूप में हुई है। इन्हें मंगलवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
अपराध की योजना बना रहे थे
शहर थाना प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि सरजंट व अन्य पुलिसकर्मी चौकी में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी बीच सूचना मिली कि अनाज मंडी गेट पर महेंद्रा मैक्स में करीब आधा दर्जन युवक किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने गाड़ी की घेराबंदी कर पांच युवकों को काबू कर लिया, जबकि दो फरार हो गए।
अंधेरे का फायदा उठाया
सरजंट ने पीछा कर भाग रहे युवकों में से एक को पकड़ लिया। थाना प्रभारी के मुताबिक इसी दौरान बिजली गुल हो गई और युवक ने सरजंट की गर्दन में गोली मार दी। इसके बाद वह भाग गया। अस्पताल ने जाने के दौरान रास्ते में ही सरजंट की मौत हो गई।
फरार युवकों की तलाश
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों फरार युवकों की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए सीआईए स्टाफ फतेहाबाद व जींद को तैनात किया गया है। एसपी सौरभ सिंह ने मौके का जायजा लिया व युवकों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दलों को निर्देश जारी किए।
उधर, मंगलवार दोपहर सिरसा जिले में कालांवाली के गांव पिपली में मृतक का सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर डीएसपी मुख्यालय सत्यवीर सिंह, डीआई देवेंद्र, सुरक्षा प्रभारी योगेश कुमार के अलावा कई पुलिसकर्मी मौजूद थे।